Breaking News

MP: नरसिंहपुर में गन्ने के भाव को लेकर उबल पड़े किसान, NH-44 पर पुलिस से झड़प     |   PM मोदी की अध्यक्षता में आज दोपहर सेवा तीर्थ में कैबिनेट की अहम बैठक     |   लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देना हमारा संकल्प: BJP नेता गौरव वल्लभ     |   हैदराबाद के GVK मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने मॉल को खाली कराया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: भारत ने टॉस जीता, न्यूजीलैंड को बैटिंग करने का दिया न्योता     |  

सीएम योगी के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे, बोले- मेहनत रंग लाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह पल बेहद खास रहा।

नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए योगी सरकार की सराहना की। किसी ने चार साल तो किसी ने आठ साल तक तैयारी की। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन माध्यमों से पढ़ाई कर अपने सरकारी नौकरी के सपने को साकार किया।

चार साल की तैयारी के बाद संस्कृति मेहरोत्रा का सपना पूरा

लखनऊ निवासी संस्कृति मेहरोत्रा का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले चार साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थीं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रही तथा अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

संस्कृति ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि भर्ती के दौरान आवेदन शुल्क और आने-जाने के खर्च के अलावा उन्हें एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ा।

वर्ष 2024 से तैयारी कर रहीं डिंपल यादव बनीं लेखा परीक्षक

बलिया निवासी डिंपल यादव का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से लगातार तैयारी कर रही थीं और अब उनकी मेहनत सफल हुई है।

डिंपल ने योगी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के लिए बेहतर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के प्रयासों से महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

मुरादाबाद की सोनम सैनी का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता रही और कहीं भी घूसखोरी नहीं हुई। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए खुशी और गर्व का पल है। सोनम ने कहा कि योगी सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

योगी सरकार में तेजी से पूरी हो रही भर्तियां

लखीमपुर खीरी निवासी कपिल कुमार लेखा परीक्षक के पद पर चयनित हुए हैं। उन्होंने नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि योगी सरकार में भर्तियां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।

शाहजहांपुर निवासी उत्सव सक्सेना का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले आठ साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। उत्सव के मुताबिक, इस भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ तेजी से पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और योगी सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया के बीच बड़ा अंतर देखने को मिलता है। पहले नियुक्ति पत्र मिलने की ऐसी खबरें कम सुनाई देती थीं, जबकि अब हर सप्ताह युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।

यूट्यूब से पढ़ाई कर अभय प्रताप बने सहायक लेखाकार

मैनपुरी निवासी अभय प्रताप सिंह का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले दो से तीन साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और यूट्यूब के माध्यम से पढ़ाई की।

अभय ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की योजनाओं का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है।

वहीं, झांसी निवासी कृष्णकांत व्यास भी सहायक लेखाकार के पद पर चयनित हुए हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उनकी मेहनत का फल मिला है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए ऐतिहासिक और भावुक पल रहा।