समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों को लेकर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सपा शासन के दौरान अपराधियों को संरक्षण मिलता था और पुलिस पर दबाव बनाया जाता था। वहीं, भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने सपा पर अपराधियों को चुनाव में टिकट देने और उनके हौसले बढ़ाने का आरोप लगाया।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव अपने घोषणा पत्र में दावा कर रहे हैं कि सरकार बनने पर किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन गोरखपुर में एक मासूम की मौत के मामले में आरोपियों को छुड़ाने के लिए सड़क पर उतरने की बात भी कर रहे हैं। उन्होंने इसे अखिलेश यादव की कथनी और करनी में अंतर बताया।
सपा शासन में अपराधियों के हौसले बुलंद थे: दिनेश प्रताप सिंह
भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते अपराधियों के हौसले बढ़े हुए थे। उस समय अपराधियों को पुलिस की गाड़ियों से उतार लिया जाता था और थानों से छुड़ाया जाता था। उन्होंने दावा किया कि कई बार पुलिसकर्मियों को बंधक तक बना लिया जाता था।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में माफियाओं को संरक्षण देने और उन्हें मजबूत करने का काम किया। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है और अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है।
मुख्यमंत्री रहते नोएडा जाने से डरते थे अखिलेश: भाजपा
दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव के नोएडा दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते अखिलेश यादव नोएडा जाने से बचते थे। उन्हें डर था कि नोएडा जाने से उनकी कुर्सी चली जाएगी।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने अंधविश्वास के कारण अपने ही प्रदेश के एक जिले में जाने से परहेज किया, वही आज नोएडा के विकास की बात कर रहे हैं।
गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को टिकट देने पर सपा से सवाल
भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी पर अपराधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक ओर माफिया और गुंडों पर कार्रवाई की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर सपा की उम्मीदवार सूची में गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में आरोपी नाहिद हसन को टिकट दिया गया है।
अंकुश त्रिपाठी ने सवाल उठाया कि ऐसे उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारकर अखिलेश यादव अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का दावा कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव सपाई गुंडों का हौसला बढ़ाते हैं और उनके घोषणा पत्र पर जनता भरोसा नहीं करती।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कांग्रेस पर दलितों और पिछड़े वर्गों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस को इन वर्गों की चिंता होने लगती है, जबकि पार्टी के इतिहास में इनके प्रति द्वेष और भेदभाव के उदाहरण रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर उन्हें चुनाव हराने का प्रयास किया। साथ ही बाबू जगजीवन राम का अपमान करने और सीताराम केसरी को कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकलवाने का भी आरोप लगाया।