Ayodhya: प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नया आयाम देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन 23 नवंबर को किया जाएगा। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचेंगे और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और रेलवे अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
28 नवंबर से श्रद्धालुओं के लिए शुरू होगी नियमित यात्रा
सरयू-कमला एक्सप्रेस को 23 नवंबर को औपचारिक रूप से रवाना किया जाएगा, जबकि आम यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए इसकी नियमित सेवा 28 नवंबर से उपलब्ध होगी। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच लगभग 604 किलोमीटर का सफर करीब 19 घंटे में पूरा होगा। इस रेल सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
ट्रेन सप्ताह में एक बार संचालित होगी। अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को इसका संचालन निर्धारित किया गया है।
अयोध्या से खुलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी।
निर्धारित समय सारिणी के मुताबिक, ट्रेन रात 10:13 बजे गोरखपुर, मंगलवार रात 1:50 बजे नरकटियागंज, सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी और सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम से गुजरते हुए यह ट्रेन रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। वापसी यात्रा के दौरान रविवार सुबह 3:55 बजे गोरखपुर में इसका आगमन निर्धारित है।
17 कोच वाले आधुनिक एलएचबी रैक से होगा संचालन
सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक 17 कोच वाला एलएचबी रैक लगाया जाएगा। इसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच और दो अन्य तकनीकी एवं यात्री सुविधा से जुड़े कोच शामिल होंगे।
एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में 52-52 बर्थ उपलब्ध होंगी। एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में प्रत्येक में 72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी। एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध रहेंगी, जबकि एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा।
10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस ट्रेन को यात्रा मार्ग में कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव दिया गया है। इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। इससे उत्तर प्रदेश और बिहार के कई क्षेत्रों के यात्रियों को भी जनकपुर धाम तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध रामायण कालीन परंपराओं और आस्था से जुड़ा हुआ है। अयोध्या को प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। दोनों धार्मिक नगरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
इस कनेक्टिविटी से रामायण सर्किट और भारत-नेपाल धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, स्थानीय कारोबार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक रिश्तों और आपसी सहयोग को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
सीएम योगी के दौरे से पहले डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
रेल सेवा के उद्घाटन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने की भी संभावना है। नई रेल सेवा शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और दोनों देशों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।