Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

आपदा से पहले तैयारी ही जन-धन की हानि रोकने का सबसे बड़ा माध्यम- मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का सबसे बड़ा उद्देश्य संकट के समय किसी भी व्यक्ति को असहाय न छोड़ना है। आपदा, दुर्घटना और युद्ध जैसी परिस्थितियां अचानक सामने आती हैं, इसलिए उनसे निपटने के लिए पहले से मजबूत तैयारी और प्रशिक्षित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइंस में नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद स्थापित नागरिक सुरक्षा संगठन लंबे समय तक उत्तर प्रदेश के कुछ चुनिंदा जिलों तक ही सीमित रहा। वर्ष 2017 तक इसका विस्तार सीमित था, लेकिन पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के शौर्य से प्रेरणा लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इसे प्रदेश के सभी 75 जिलों तक पहुंचाने का फैसला किया गया। अब सभी जिलों में सिविल डिफेंस का गठन हो चुका है। इनमें से 60 जिलों में जिलाधिकारी नियंत्रक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। साथ ही युद्ध, प्राकृतिक आपदा और आंतरिक संकट जैसी परिस्थितियों में अलर्ट जारी करने के लिए हर जिले में एयर सायरन उपलब्ध करा दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 1,01,362 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक तैयार हैं, जो आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मदद करने के साथ समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे।

सायरन से लेकर ब्लैकआउट तक, मॉक ड्रिल में दिखाई गई आपातकालीन तैयारियां
कार्यक्रम के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने हवाई हमले और अन्य आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। अभ्यास में एयर रेड की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाने और रेडियो, लाउडस्पीकर तथा मोबाइल समेत विभिन्न संचार माध्यमों से लोगों तक अलर्ट पहुंचाने की प्रक्रिया दिखाई गई।

ब्लैकआउट अभ्यास के तहत बिजली और रोशनी बंद कर लोगों को सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा आग लगने, गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट और विस्फोट जैसी घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का भी अभ्यास कराया गया। अग्निशमन उपकरणों और फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।

इससे पहले राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।

प्रशिक्षित और जागरूक नागरिक ही आपदा के समय बनते हैं फर्स्ट रिस्पॉन्डर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपातकालीन हालात में घबराने या असमंजस में रहने के बजाय साहस, अनुशासन और प्रशिक्षण के साथ काम करना जरूरी है। नागरिक सुरक्षा की मूल भावना समाज और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा की है। जो व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संकट के समय दूसरों की मदद के लिए आगे आता है, वही एक जागरूक नागरिक और वास्तविक फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,08,627 लोगों को नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें आम नागरिकों के साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स तथा होमगार्ड के जवान शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने भी प्रदेश के मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण दिया है, जिससे आपातकालीन घटनाओं में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

सभी जिलों में नियमित मॉक ड्रिल कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल केवल एक औपचारिक अभ्यास नहीं, बल्कि आपातकालीन व्यवस्था की क्षमता और तत्परता परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे कमियों की पहचान होती है और समय रहते उनमें सुधार किया जा सकता है। आपदा के समय सही फैसला, समय पर चेतावनी और प्रशिक्षित बचाव दल कई लोगों की जान बचा सकते हैं।

उन्होंने निर्देश दिया कि लखनऊ की तर्ज पर प्रदेश के सभी जिलों में नियमित रूप से अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखकर मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। इनमें बाढ़, भूकंप, आगजनी, आतंकवादी घटनाओं और युद्ध जैसी स्थितियों से निपटने का अभ्यास शामिल हो। साथ ही सभी सुरक्षा एजेंसियों और नागरिक सुरक्षा के युवा स्वयंसेवकों को लगातार प्रशिक्षण दिया जाए।

गोरखा राइफल्स ने 73 मास्टर ट्रेनरों को दिया विशेष प्रशिक्षण: धर्मवीर प्रजापति
नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि इस साल प्रदेश के 1,08,627 नागरिक स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित किया गया है। नए गठित जिलों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में गृह मंत्रालय की योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 33 और उत्तराखंड के दो कर्मियों समेत कुल 35 लोगों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त 15 जिलों के 5,310 स्वयंसेवकों को सात दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने लखनऊ के 73 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा और अमरीश कुमार उपस्थित रहे। इनके अलावा अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार समेत सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और यूपी पुलिस के जवान, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।