Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

राजधानी में AQI 249 के साथ हवा की गुणवत्ता खराब, पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित

दिल्ली में वायु प्रदूषण से राहत के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं,  राजधानी की हवा खराब श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 249 दर्ज किया गया। वहीं, निगरानी केंद्रों में पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 282 तक पहुंच गया। सीपीसीबी के अनुसार, पंजाबी बाग के बाद बवाना में 273 और चांदनी चौक में 271 AQI रिकॉर्ड किया गया। इन सभी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही।

इसके अलावा आनंद विहार में AQI 237, अशोक विहार में 240, नरेला में 239, ओखला फेज-2 में 213, रोहिणी में 252 और सोनिया विहार में 215 दर्ज किया गया। पटपड़गंज में 208, मंदिर मार्ग में 225, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 202, अलीपुर में 246, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में 217 और आरके पुरम में 252 AQI रहा। इन सभी इलाकों की हवा भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। हालांकि, वसुंधरा एन्क्लेव में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। यहां AQI 170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

CPCB के अनुसार AQI की श्रेणियां

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के मुताबिक, 0 से 50 तक का AQI अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम श्रेणी में माना जाता है। वहीं, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी को दर्शाता है।

दिल्ली-NCR में अगले पांच दिनों तक कोहरे की संभावना

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, लेकिन 23 और 24 नवंबर की सुबह कई इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा छा सकता है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली की 22 नवंबर को जारी जिला स्तरीय रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य और नई दिल्ली सहित राजधानी के सभी जिलों में मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा रहने की उम्मीद है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी इसी तरह की परिस्थितियां बनी रह सकती हैं।

मौसम विभाग ने 25 और 26 नवंबर को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में धुंध और हल्के कोहरे का अनुमान जताया है। 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है, जबकि 26 नवंबर को कुछ इलाकों में ऐसा मौसम देखने को मिल सकता है। पांच दिनों के पूर्वानुमान के अंतिम चरण में कोहरे का दायरा बढ़ने से सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।

प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में कई राज्यों की सुस्त रफ्तार

दूसरी ओर, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण रोकने के लिए लागू किए जा रहे उपायों की समीक्षा शुरू कर दी है। आयोग की ओर से जारी 2026 की रिपोर्ट कार्ड में अक्टूबर तक की प्रगति का आकलन किया गया है। इसमें औद्योगिक निरीक्षण, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण निगरानी से जुड़े बुनियादी ढांचे सहित कई क्षेत्रों में कमियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हरित शवदाह गृह (ग्रीन क्रिमेटोरियम) बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है। इन चारों राज्यों और दिल्ली के लिए कुल 421 ग्रीन क्रिमेटोरियम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक भी इकाई स्थापित नहीं हो सकी।

यह रिपोर्ट स्टेट एक्शन प्लान-2026 के तहत अक्टूबर 2026 तक दर्ज प्रगति के आधार पर तैयार की गई है। वर्ष 2026 की अंतिम रिपोर्ट जनवरी 2027 में जारी की जाएगी। इससे पहले संबंधित राज्य सरकारों और दिल्ली प्रशासन को प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर तेजी से काम करने का अवसर मिलेगा। CAQM ने प्रदर्शन के आकलन के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की हैं। 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को संतोषजनक, 75 प्रतिशत से अधिक लेकिन 100 प्रतिशत से कम उपलब्धि को सुधार की जरूरत और 75 प्रतिशत से कम प्रगति को असंतोषजनक माना गया है।

औद्योगिक निरीक्षण में हरियाणा, राजस्थान और यूपी पिछड़े

रिपोर्ट कार्ड में औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सालाना कुल 11,607 औद्योगिक निरीक्षण करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन 31 अक्टूबर तक केवल 2,584 निरीक्षण ही पूरे किए जा सके। इस तरह निर्धारित लक्ष्य से 9,023 निरीक्षण पीछे रहे।

हालांकि, दिल्ली ने अपने निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया। यहां 979 निरीक्षणों के मुकाबले 1,609 निरीक्षण पूरे किए गए। इसके विपरीत हरियाणा में 3,865 के लक्ष्य के मुकाबले केवल 177 निरीक्षण हुए। राजस्थान में 2,974 के मुकाबले 68 और उत्तर प्रदेश में 3,789 के लक्ष्य के मुकाबले 730 निरीक्षण ही किए जा सके। CAQM की यह रिपोर्ट दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों की जमीनी प्रगति का आकलन करती है। जनवरी 2027 में जारी होने वाली अंतिम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि शेष अवधि में राज्य सरकारों और दिल्ली प्रशासन ने प्रदूषण रोकने के लिए निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में कितनी प्रगति की।