Breaking News

कुवैत में ड्रोन हमले से मीना अल-अहमदी रिफाइनरी में आग लगी, कोई हताहत नहीं     |   SC ने MP कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा को आंशिक राहत दी, फिलहाल विधायक बने रहेंगे     |   JDU विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत     |   2026 उपचुनाव: गोवा-नागालैंड-त्रिपुरा-कर्नाटक में BJP उम्मीदवारों की लिस्ट जारी     |   रास लफ्फान में आग पर पूरी तरह काबू, कोई हताहत नहीं: कतर     |  

सरके चुनरी’ विवाद: राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोरा फतेही, संजय दत्त समेत निर्माताओं को जारी किया समन

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने में कथित अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों को लेकर अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त, रकीब आलम, निर्माता वेंकट के. नारायण और निर्देशक किरण कुमार को समन जारी किया है। एनसीडब्ल्यू ने अपने बयान में कहा कि उसने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग के अनुसार, यह गाना पहली नजर में यौन संकेतों से भरा और आपत्तिजनक प्रतीत होता है, जो भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करता है। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित लोगों को 24 मार्च 2026 को दोपहर 12:30 बजे आयोग के सामने पेश होने का निर्देश दिया है। साथ ही, जरूरी दस्तावेज भी साथ लाने को कहा गया है। आयोग ने चेतावनी दी है कि अनुपस्थित रहने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

इस बीच, केंद्र सरकार ने भी ‘सरके चुनरी’ गाने पर प्रतिबंध लगाने की पुष्टि की है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में कहा कि गाने के बोल और दृश्य को लेकर व्यापक आलोचना के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पूर्ण नहीं है और इसे संविधान द्वारा निर्धारित उचित सीमाओं के भीतर रहना चाहिए।

मंत्री ने अनुच्छेद 19(2) का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता और नैतिकता के हित में अभिव्यक्ति पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल माध्यमों के तेजी से फैलाव के इस दौर में समाज, खासकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कड़े कदम उठाने के लिए तैयार है।

गौरतलब है कि यह विवाद गाने के रिलीज होते ही शुरू हो गया था। इसमें नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे। आलोचकों का आरोप है कि गाने में अश्लील बोल और दृश्य हैं, जो महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करते हैं। इसके खिलाफ कई लोगों और संगठनों ने शिकायत दर्ज कर एफआईआर की मांग की और गाने को हटाने की मांग तेज हो गई थी, जिसके बाद यह मामला संसद तक पहुंचा।