‘डोरेमोन’ के मशहूर निर्देशक त्सुतोमु शिबायामा का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। जापानी एनीमेशन स्टूडियो एशिया-डो (Ajia-do Animation Works) ने जानकारी दी कि उनका 6 मार्च 2026 को फेफड़ों के कैंसर के कारण निधन हुआ। शिबायामा ‘डोरेमोन’ टीवी एनीमे सीरीज और फिल्मों के निर्देशन के लिए खास तौर पर जाने जाते थे। उन्होंने करीब 20 वर्षों तक ‘डोरेमोन’ फिल्म सीरीज का निर्देशन किया और इसे वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
‘डोरेमोन’ से पहले उन्होंने ‘डोकोंजो गाएरू’ और ‘गांसो तेंसाई बाकाबोन’ जैसे शोज में एनीमेशन डायरेक्टर के रूप में काम किया था। इसके अलावा वे ‘निंतामा रंतारो’, ‘चिबी मारुको-चान’ और ‘माजिमे नी फुमाजिमे काइकत्सु जोरूरी’ जैसी कई लोकप्रिय परियोजनाओं से भी जुड़े रहे। स्टूडियो द्वारा जारी बयान के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार परिवार की इच्छा के अनुसार निजी तौर पर किया गया, जिसमें केवल करीबी लोग शामिल हुए। स्टूडियो ने लोगों से फूल, आर्थिक सहायता या संवेदना व्यक्त करने के लिए व्यक्तिगत रूप से आने से भी विनम्रतापूर्वक मना किया है।
स्टूडियो ने यह भी बताया कि वे बाद में एक स्मृति सभा (मेमोरियल सर्विस) आयोजित करेंगे। साथ ही, उन्होंने शिबायामा को जीवनभर मिले प्रशंसकों के प्यार और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। डोरेमोन’ एक लोकप्रिय एनीमे सीरीज है, जिसमें 22वीं सदी का एक रोबोटिक बिल्ली ‘डोरेमोन’ समय में पीछे जाकर एक मासूम और अनाड़ी बच्चे नोबिता नोबी की मदद करता है और उसे सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देता है।