Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

दिलजीत दोसांझ के मुंबई शो में सान्या मल्होत्रा की एंट्री, स्टेज पर सिंगर के साथ किया धमाकेदार डांस

मुंबई में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा को ऐसा सरप्राइज मिला, जिसकी उम्मीद शायद उन्हें भी नहीं थी। परफॉर्मेंस के बीच दिलजीत ने सान्या को दर्शकों के बीच देखा और हाथ बढ़ाकर उन्हें मंच पर बुला लिया। इसके बाद सान्या ने सिंगर के साथ जमकर डांस किया। इस खास पल को देखकर कॉन्सर्ट में मौजूद फैंस खुशी से झूम उठे।

दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर इस घटना का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में सान्या खुशी के साथ स्टेज पर आती हैं और दिलजीत के साथ डांस करने लगती हैं। दोनों की मस्ती भरी परफॉर्मेंस ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। वीडियो साझा करते हुए दिलजीत ने लिखा, “Sanya Ji what a Charm”।

बम धमकियों के बीच दिलजीत का प्यार भरा संदेश

मुंबई कॉन्सर्ट से पहले आयोजन स्थल को कथित बम धमकियां मिलने की खबर सामने आई थी। इसके बाद कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। शो के दौरान दिलजीत ने दर्शकों से कहा कि धमकियों का उद्देश्य लोगों को डराकर कॉन्सर्ट में आने से रोकना है। उन्होंने साफ किया कि वह इसका जवाब प्यार से देंगे।

“उन्होंने कहा कि वे दिलजीत को बम से उड़ाना चाहते हैं। उनका मकसद है कि कोई भी शो में न आए और लोगों को डराया जाए। शहरों में बारूद का मौसम है... गांव चलकर देखो, ये अमरूद का मौसम है। मैं आपसे प्यार करता हूं। चाहे आप मुझ पर बम फेंको, मेरे पास आपके लिए सिर्फ प्यार है।”

सिंगर ने कॉन्सर्ट में उमड़ी भीड़ का जिक्र करते हुए बताया कि कई लोग बाहर भी इंतजार कर रहे थे। उन्होंने सुरक्षा संभालने और दर्शकों की एंट्री व्यवस्थित करने के लिए मुंबई पुलिस का धन्यवाद किया।

करिश्मा, दिशा और तृप्ति भी बनीं शो का हिस्सा

दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में करिश्मा कपूर, दिशा पाटनी और तृप्ति डिमरी समेत कई बॉलीवुड हस्तियां पहुंचीं। इन सितारों को भी सिंगर के गानों पर डांस करते हुए देखा गया।

मुंबई के कई ठिकानों को मिली थी बम धमाके की धमकी

कॉन्सर्ट से एक दिन पहले मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को कथित धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें मेयर कार्यालय, अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और अन्य स्थानों पर बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में महालक्ष्मी रेसकोर्स, सायन और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर बम लगाए जाने का दावा भी किया गया था।

दिलजीत के भारत दौरे के दौरान दूसरे शहरों में भी इसी तरह की सुरक्षा चिंताएं सामने आई हैं। 15 नवंबर को इंदौर में उनके कॉन्सर्ट से पहले मेयर कार्यालय, निजी स्कूलों और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच को कथित धमकियां मिली थीं।

वहीं, 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले शो से पहले भी बम धमकी की सूचना सामने आई। आयोजन स्थल और पास के मेट्रो स्टेशन पर संभावित विस्फोट की चेतावनी वाले ईमेल के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।