प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाक विभाग की दो प्रमुख योजनाओं को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की मंजूरी दी है। ये योजनाएं वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेंगी। इनके तहत डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने, डिलीवरी व्यवस्था सुधारने और डाकघरों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम किया जाएगा। केंद्र सरकार ने पोस्टल ऑपरेशंस योजना के लिए ₹1,141 करोड़ और एस्टेट्स मैनेजमेंट योजना के लिए ₹1,491 करोड़ का वित्तीय प्रावधान किया है।
देशभर के डाकघरों को आधुनिक बनाने पर जोर
भारत में करीब 1.65 लाख डाकघरों का विशाल नेटवर्क है, जिसमें लगभग 1.49 लाख डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इंडिया पोस्ट के जरिए लोगों तक चिट्ठियां, पार्सल, बैंकिंग, बीमा और कई सरकारी सेवाएं पहुंचाई जाती हैं।
डाक विभाग पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक (POSB), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI), आधार सेवाएं, पासपोर्ट सेवा केंद्र और ग्रामीण कारीगरों के उत्पादों के निर्यात में भी मदद करता है।
नई योजनाओं का उद्देश्य डाक सेवाओं को अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
पोस्टल ऑपरेशंस योजना पर खर्च होंगे ₹1,141 करोड़
पोस्टल ऑपरेशंस योजना के तहत डाक नेटवर्क, पार्सल सेवाओं, तकनीक और ग्राहक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए छह प्रमुख क्षेत्रों में काम किया जाएगा।
1. ग्रामीण डाक नेटवर्क और सुविधाएं – ₹120 करोड़
इस राशि से ग्रामीण डाकघरों के बुनियादी ढांचे में सुधार किया जाएगा। डाकघरों की एक जैसी ब्रांडिंग, संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर रहेगा। इससे गांवों में डाकघर केवल चिट्ठी-पार्सल भेजने का केंद्र नहीं, बल्कि लोगों को विभिन्न सरकारी और वित्तीय सेवाएं देने वाला सुविधाजनक केंद्र बन सकेंगे।
2. डाक और मेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण – ₹575 करोड़
डाक की छंटाई और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें ऑटोमेशन, बेहतर IT सिस्टम, GIS आधारित सेवाएं और आधुनिक डिलीवरी सिस्टम शामिल होंगे।
डिलीवरी पोस्ट ऑफिस, मेल हैंडलिंग सिस्टम, सड़क परिवहन नेटवर्क और मेल मोटर सर्विस की सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही स्मार्ट 24x7 लेटर बॉक्स लगाए जाने की योजना है।
3. पार्सल नेटवर्क को मजबूत करना – ₹278 करोड़
ई-कॉमर्स के बढ़ते कारोबार को देखते हुए पार्सल हब बनाए जाएंगे और पार्सल पैकेजिंग यूनिट्स का विस्तार किया जाएगा। इससे पार्सल की छंटाई और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की प्रक्रिया आसान होगी। सामान को बार-बार संभालने की जरूरत कम होगी और डिलीवरी में लगने वाला समय घटाने में मदद मिलेगी।
4. अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं में सुधार – ₹8 करोड़
विदेशों से आने और विदेशों में भेजे जाने वाले डाक व पार्सल की प्रक्रिया को तेज करने के लिए विदेशी डाकघरों और संबंधित सुविधाओं का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इससे अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं की गुणवत्ता और निर्यात से जुड़ी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
5. मार्केटिंग और सेवा गुणवत्ता – ₹100 करोड़
डाक विभाग की सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए टीवी, डिजिटल मीडिया, रेडियो, प्रिंट और अन्य माध्यमों से प्रचार किया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया अभियान, प्रदर्शनियों, कार्यक्रमों और डाक चौपाल के जरिए लोगों से जुड़ने पर जोर रहेगा। ग्राहक सेवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए बाजार अनुसंधान और सेवा मूल्यांकन भी किया जाएगा।
6. फिलैटली यानी डाक टिकट संग्रह को बढ़ावा – ₹60 करोड़
डाक टिकटों के संग्रह और अध्ययन को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रदर्शनियां, सेमिनार, क्विज और स्कूलों में फिलैटली क्लब आयोजित किए जाएंगे। योजना में नए और आकर्षक डाक टिकटों के डिजाइन, डिजिटल प्रचार, ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता और SPARSH छात्रवृत्ति जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं।
डाक विभाग की इमारतों और कॉलोनियों का होगा कायाकल्प
मंत्रिमंडल ने एस्टेट्स मैनेजमेंट योजना को भी 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए पांच साल में ₹1,491 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
इस योजना के तहत डाकघरों और कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों का निर्माण, पुनर्निर्माण, मरम्मत और एक जैसी ब्रांडिंग की जाएगी। ऐतिहासिक डाक भवनों को भी संरक्षित किया जाएगा।
योजना के प्रमुख काम इस प्रकार हैं:
- नए डाक भवनों का निर्माण – ₹280 करोड़: विभाग की खाली जमीन पर 190 नए डाक भवन बनाए जाएंगे, जिससे किराए की इमारतों पर निर्भरता कम होगी।
- पुरानी इमारतों का पुनर्निर्माण – ₹108 करोड़: जर्जर हो चुकी 50 डाक भवनों को तोड़कर नए सिरे से बनाया जाएगा।
- डाकघरों की मरम्मत और ब्रांडिंग – ₹318 करोड़: 2,550 विभागीय उपडाकघरों को बेहतर सुविधाओं और एक समान पहचान के साथ विकसित किया जाएगा।
- किराए के डाकघरों का सुधार – ₹37.50 करोड़: किराए की इमारतों में चल रहे 2,500 डाकघरों का उन्नयन और ब्रांडिंग की जाएगी।
- ऐतिहासिक डाक भवनों का संरक्षण – ₹180 करोड़: विभाग की 20 प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों को सुरक्षित और संरक्षित किया जाएगा।
- कर्मचारी कॉलोनियों का विकास – ₹357.50 करोड़: 150 डाक विभाग की आवासीय कॉलोनियों का नवीनीकरण किया जाएगा।
- समावेशी और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं – ₹100 करोड़: सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, दिव्यांगों के लिए रैंप और ब्रेल संकेतक जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। महिला कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए शौचालय व फीडिंग रूम भी बनाए जाएंगे।
- तकनीकी केंद्र का निर्माण – ₹100 करोड़: बेंगलुरु में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी (CEPT) के लिए स्थायी भवन बनाया जाएगा। यह केंद्र आधुनिक डाक तकनीक और स्वदेशी डिजिटल सिस्टम को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।
डिजिटल इंडिया और विकसित भारत के लक्ष्य से जुड़ी योजनाएं
केंद्र सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य डाक विभाग को आधुनिक और तकनीक आधारित सेवा नेटवर्क बनाना है। बेहतर डिलीवरी, डिजिटल सुविधाओं, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के जरिए ये योजनाएं डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्यों को आगे बढ़ाएंगी।