Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी के तीर्थस्थलों में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रयागराज, काशी, अयोध्या से लेकर नैमिषारण्य तक करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही गंगा और सरयू के घाटों पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर हर-हर गंगे और जय श्रीराम के जयकारों के बीच धार्मिक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

प्रयागराज में सबसे ज्यादा 10 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर प्रयागराज में सबसे अधिक करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। सुबह से ही संगम और आसपास के घाटों पर भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के साथ पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।

वहीं, काशी में करीब 8 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। घाटों पर धार्मिक अनुष्ठान हुए और श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा की। देव दीपावली की परंपरा से जुड़ी काशी में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।

अयोध्या में 5 लाख श्रद्धालुओं ने किया सरयू स्नान

रामनगरी अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा पर करीब 5 लाख श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में पवित्र स्नान किया। भोर से ही सरयू घाटों पर भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने राम मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। जय श्रीराम के उद्घोष से अयोध्या का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

गढ़मुक्तेश्वर में 3 लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। यहां भी सुबह से घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।

इसके अलावा रायबरेली के डलमऊ और सीतापुर के पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य में करीब 2-2 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। दोनों तीर्थस्थलों पर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ का सिलसिला चलता रहा।

तीर्थस्थलों पर दिखी सनातन परंपरा की भव्य झलक

कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था दिखाई। योगी सरकार के तहत तीर्थस्थलों के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला।