भारतीय सेना ने मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल में आयोजित ऑपरेशन दृष्टि के 13वें संस्करण का बुधवार को समापन किया। पांच दिन तक चले इस मेगा आई कैंप में तीन दिनों के दौरान 412 आंखों की सर्जरी मुफ्त की गई। सेना के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह अपनी तरह का सबसे बड़ा शिविर था।
21 से 25 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के 197 नागरिकों की आंखों का ऑपरेशन किया गया। इनमें मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, विट्रियोरेटिनल और प्टेरिजियम जैसी समस्याओं की सर्जरी शामिल रही।
सेना ने बताया कि ऑपरेशन कराने वाले 55 से 60 मरीज ऐसे थे, जिनका मोतियाबिंद काफी बढ़ चुका था और वे पूरी तरह आंखों की रोशनी खो चुके थे। इन मरीजों की सर्जरी 22 से 24 नवंबर के बीच की गई।
पांच जिलों में जांच के बाद मेरठ लाए गए मरीज
सर्जरी से पहले सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के नेत्र रोग विशेषज्ञों और मेडिकल अधिकारियों ने बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में मरीजों की जांच की। जिन मरीजों को ऑपरेशन की जरूरत थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेरठ स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल लाया गया।
सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मरीजों से की मुलाकात
25 नवंबर को अस्पताल में शिविर का समापन समारोह आयोजित हुआ। इसमें एयर मार्शल संदीप थरेजा, महानिदेशक सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा और उत्तर प्रदेश सरकार में सैनिक कल्याण, राजनीतिक पेंशन एवं प्रादेशिक रक्षक दल विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
दोनों अतिथियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया और इलाज कराने वाले मरीजों तथा मेडिकल टीम से बातचीत की। ऑपरेशन दृष्टि का नेतृत्व दिल्ली कैंट स्थित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा ने किया। सर्जरी भी इसी अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने की।
सेना के अनुसार, ऑपरेशन दृष्टि के तहत ऐसे क्षेत्रों तक आधुनिक आंखों का इलाज पहुंचाया जा रहा है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं। इस पहल की परिकल्पना रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी।
सात साल से अंधे मरीज को मिली नई उम्मीद
शिविर में इलाज कराने पहुंचे मरीजों में 30 वर्षीय अक्षय कुमार भी शामिल थे। अक्षय पेशे से रिक्शा चालक हैं। साल 2019 में आंख में गंभीर चोट लगने के बाद उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी। वह पिछले सात साल से दृष्टिहीन थे।
इसके अलावा राजपुर कलां के 63 वर्षीय रविंदर राठी भी शिविर में पहुंचे। सेना के मुताबिक, उन्हें डायबिटीज है और तीन साल पहले हाइपरमैच्योर मोतियाबिंद के कारण उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी। ऑपरेशन दृष्टि के जरिए सेना का उद्देश्य जरूरतमंद और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मुफ्त और बेहतर आंखों का इलाज उपलब्ध कराना है।