Breaking News

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात     |   महाराष्ट्र SIR के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंची याचिका, हटाए गए वोटरों के नाम बहाल करने की मांग     |   चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, दिल्ली कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस तैनात     |   एशियन गेम्स में भारत को एक और गोल्ड, शूटिंग में कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने मारी बाजी     |   यूपी: भारी बारिश पर CM योगी का एक्शन, 24 घंटे में सर्वे कर मुआवजा देने के निर्देश     |  

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए पुलिस-प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने एक्सपो मार्ट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए बाकी काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एक्सपो मार्ट के सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और वीवीआईपी मूवमेंट समेत कई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रेड शो को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।

वीवीआईपी आगमन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने और निर्धारित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।

पार्किंग और यातायात की व्यवस्था पर नजर

पुलिस आयुक्त ने पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल के आसपास जाम और अव्यवस्था की स्थिति नहीं होनी चाहिए। प्रवेश और निकास मार्गों के साथ महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी सुरक्षा अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

अग्नि सुरक्षा और बिजली व्यवस्था की भी समीक्षा

जिलाधिकारी ने अग्नि सुरक्षा की समीक्षा करते हुए अग्निशमन विभाग को सभी जरूरी उपकरणों की जांच करने और आपात स्थिति के लिए तैयारियां दुरुस्त रखने को कहा। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आयोजन में उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य और पेय पदार्थों की गुणवत्ता व स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक और बैकअप व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया, ताकि ट्रेड शो के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

वीवीआईपी आगमन और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी

जिलाधिकारी ने हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार सभी तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवाओं, एंबुलेंस, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और आगंतुकों के लिए जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमी, खरीदार, निवेशक, प्रतिनिधि और आगंतुक शामिल होंगे। ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी आगंतुक या अतिथि को असुविधा न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी-अपनी व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण करने और अगर कहीं कोई कमी हो तो उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह, संजय कुमार पांडेय, अरुण कुमार सिंह, प्रियंका समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।