Breaking News

सरकार ने कच्चे सोयाबीन तेल पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को 10 फीसदी से घटाकर 5% की     |   ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर PM ने जताया दुख, 2 लाख के मुआवजे का किया ऐलान     |   ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर सीएम योगी ने मुआवजे का किया ऐलान     |   ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस में आग, 9 लोगों की मौत     |   एशियन गेम्स 2026: सतनाम स‍िंह और सलमान खान की जोड़ी ने जीता रोइंग डबल्स में ब्रॉन्ज     |  

यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्री बस में लगी आग, 9 लोगों की मौत; धुएं से मची अफरा-तफरी

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला और आठ पुरुष शामिल हैं। जेवर पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, बस दिल्ली से जा रही थी और जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसे के समय बस यात्रियों से भरी हुई थी और ज्यादातर यात्री सो रहे थे।

हादसे से बचकर निकले यात्रियों ने बताया कि आग लगने के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही समय में बस में धुआं भर गया और लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। एक यात्री ने बताया कि वह सो गया था, तभी किसी ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग बाहर निकलने के लिए भागे। यात्री के मुताबिक, बस में बहुत ज्यादा धुआं था और लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।

एक अन्य महिला यात्री ने बताया कि वह सो रही थी, तभी दरवाजे पर जोर-जोर से आवाज हुई। आंख खुलने पर उसने देखा कि बड़ी संख्या में लोग बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। उसने अपना सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ मोबाइल लेकर बस से बाहर निकल गई।

महिला ने बताया कि बस के अंदर कुछ ही सेकंड में इतना घना धुआं भर गया था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी और बाहर निकलने के दौरान धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। उसने आशंका जताई कि उसके पीछे मौजूद कई लोग समय पर बाहर नहीं निकल पाए। हादसे के कारणों और आग लगने की परिस्थितियों को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।