हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेशभर में बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड और बढ़ेगी. इससे पहले 23 जनवरी को हुई भारी बारिश-बर्फबारी से लंबे समय से चला आ रहा ड्राई स्पेल टूटा था, जिससे किसानों और बागवानों को राहत मिली थी. लेकिन अब एक बार फिर खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं.
लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
सोलन और सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के भी आसार हैं. भारी बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में शीतलहर (कोल्ड वेव) का असर भी देखने को मिल सकता है. मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए कुल्लू जिले के मनाली और बंजार क्षेत्र में सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं.
बीते दिनों की बारिश-बर्फबारी के बाद जिले में अभी भी 65 सड़कें बंद पड़ी हैं. हालांकि बीआरओ और एनएचएआई द्वारा सड़कों को बहाल करने का काम जारी है, लेकिन कई लिंक रोड अभी भी बंद हैं. सड़कों पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ गई है और मनाली की ओर यातायात धीमा बना हुआ है.मौसम विभाग के अनुसार भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद होने, बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है और पर्यटकों व स्थानीय लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.