भारत-चीन सीमा पर नाथूला के रास्ते होने वाला व्यापार इस साल 30 नवंबर की दोपहर से बंद हो जाएगा। इसके साथ ही शेराथांग ट्रेड मार्ट में भी 2026 के व्यापारिक सीजन की गतिविधियां समाप्त हो जाएंगी।
सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने 24 नवंबर को इस संबंध में सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। इसमें आम लोगों, व्यापारियों और सीमा व्यापार से जुड़े सभी पक्षों को सीजन बंद होने की जानकारी दी गई है।
विभाग के मुताबिक, नाथूला सीमा व्यापार हर साल मई से नवंबर तक निर्धारित अवधि में संचालित होता है। यह व्यवस्था 26 अप्रैल 2007 को जारी ऑफिस मेमोरेंडम-इन्फ्रा (II) के प्रावधानों के तहत लागू है। नोटिस में कहा गया है कि 30 नवंबर की दोपहर से नाथूला और शेराथांग ट्रेड मार्ट में वर्ष 2026-27 के लिए व्यापारिक गतिविधियां बंद कर दी जाएंगी।
वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने सीमा व्यापार से जुड़े सभी विभागों, एजेंसियों, अधिकारियों, व्यापारियों और अन्य हितधारकों से घोषणा पर ध्यान देने की अपील की है। साथ ही सीजन समाप्त होने से पहले जरूरी औपचारिकताएं, मंजूरी और संबंधित प्रक्रियाएं निर्धारित समय में पूरी करने को कहा गया है, ताकि व्यापार बंद करने की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। यह सार्वजनिक नोटिस सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के विशेष सचिव-सह-निदेशक की ओर से जारी किया गया है।