Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा एक्शन, 11 आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी     |   JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, छात्र आंदोलन के बीच बड़ा एक्शन, छापे के बाद दिया था इस्तीफा     |   नागालैंड के मुख्यमंत्री ने FCRA बिल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा     |   रांची प्रोटेस्ट: पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज     |   केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने पहुंचे     |  

भारतीय दूतावास: ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को निकाल रहा है भारत

ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच, भारत ईरान से अपने सभी नागरिकों को निकाल रहा है। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आपातकालीन संपर्क नंबर और एक टेलीग्राम चैनल भी दिया है। पोस्ट में कहा गया है कि भारतीय दूतावास ईरान से सभी भारतीय नागरिकों को निकाल रहा है।
एक और पोस्ट में दूतावास ने कहा कि वे नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें कहा गया है कि नेपाल और श्रीलंका की सरकारों के अनुरोध पर इन दोनों देशों के नागरिकों को निकालने की भी कोशिश की जा रही है। पोस्ट में नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को दूतावास के टेलीग्राम चैनल या आपातकालीन संपर्क नंबर पर संपर्क के लिए कहा गया है।

कोलंबो में श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने ईरान में अपने नागरिकों को सलाह दी है कि यदि वे देश छोड़ना चाहते हैं तो तेहरान में मौजूद भारतीय दूतावास से संपर्क करें। मंत्रालय ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘श्रीलंका सरकार ने ईरान छोड़ने के इच्छुक श्रीलंकाई लोगों की मदद के लिए भारत सरकार के साथ उड़ानों में उन्हें समायोजित करने की व्यवस्था की है।’’ विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान में 100 से भी कम श्रीलंकाई नागरिक हैं, जबकि इजराइल में लगभग 20,000 श्रीलंकाई नागरिक कार्यरत हैं।

काठमांडू में, नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के सचिवालय ने कहा कि उन्होंने भारत सरकार से ईरान में फंसे 16 नेपाली नागरिकों की निकासी का अनुरोध किया है। देउबा ने भारत की तत्काल मदद के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर को धन्यवाद दिया। देउबा ने लिखा, ‘‘नेपाली नागरिकों को ईरान से निकालने में भारत की तत्काल मदद के लिए विदेश मंत्री जयशंकर को धन्यवाद। नेपाल के निकासी की कोशिशों में भारत का सहयोग नेपाल-भारत संबंधों की मजबूती का प्रतिबिंब है।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि 16 नेपाली नागरिकों में से पांच वर्तमान में आव्रजन संबंधी अपराधों के कारण ईरानी जेलों में हैं और निकासी प्रक्रिया के तहत उनकी रिहाई और वापसी सुनिश्चित करने की कोशिशें जारी हैं।

भारत ने बुधवार को ईरान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ‘‘ऑपरेशन सिंधु’’ शुरू करने का ऐलान किया, क्योंकि इजराइल के साथ संघर्ष में कमी आने का कोई संकेत नहीं दिख रहा है। शनिवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अब तक 500 से ज्यादा भारतीय नागरिक ईरान से स्वदेश लौट आए हैं।