Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेला बनेगा श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेला की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और जरूरी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी का यह 'मिनी कुंभ' श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व होगा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घाटों पर स्नान से लेकर पेयजल तक के होंगे इंतजाम

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि गंगा घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जरूरत के अनुसार नदी को चैनलाइज किया जाए, ताकि हर घाट पर पानी की उपलब्धता बनी रहे। घाटों और मेला क्षेत्र में पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और कचरा संग्रह की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा।

सुरक्षा के लिए NDRF-SDRF की टीमें रहेंगी तैनात

मुख्यमंत्री ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। इसके साथ ही NDRF और SDRF की टीमें भी दोनों तरफ मौजूद रहें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेस्क्यू बोट, CCTV कैमरे, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाए।

मेले में यातायात और पार्किंग का बेहतर प्रबंधन करने के साथ जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन भी लागू किया जाए। फायर टेंडर को अलर्ट मोड पर रखने और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से मेले से पहले पुलिसकर्मियों की काउंसिलिंग कराने को भी कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने की हिदायत दी।

नशे की बिक्री पर रोक, आस्था के विपरीत गतिविधियां नहीं होंगी

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि मेले में ऐसा कोई आचरण या कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, जो श्रद्धालुओं की आस्था के विपरीत हो।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और नकारात्मकता फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मेले के दौरान सतर्कता बनाए रखने को कहा।

अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और अतिरिक्त बसों की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने पर्याप्त डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती के साथ एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा नियमित बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रामलीला, रासलीला और ड्रोन शो से सजेगा मेला

मुख्यमंत्री ने मेले को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने पर्यटन और संस्कृति विभाग को श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।

मेले में लेजर शो, ड्रोन शो और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी। खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं को बढ़ावा दिया जाएगा। बच्चों के लिए स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न आयु वर्ग के विजेताओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्मानित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में धार्मिक और राष्ट्रभक्ति गीतों के माध्यम से सकारात्मक माहौल बनाया जाए और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाए।