Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो का होगा विस्तार, सेक्टर-51 से सेक्टर-4 के बीच बनेंगे 5 नए स्टेशन

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय कैबिनेट ने एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक मेट्रो लाइन का विस्तार किया जाएगा। इस रूट पर पांच नए एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा का विस्तार हो रहा है, तो लोगों का रोजाना का सफर लंबा क्यों होना चाहिए? उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार से दोनों शहरों के लोगों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

8.449 किलोमीटर लंबा होगा नया मेट्रो कॉरिडोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी गई। प्रस्तावित कॉरिडोर की लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी। इस रूट पर पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की लंबाई 71.878 किलोमीटर हो जाएगी।

मॉल, ऑफिस और IT हब तक पहुंच आसान होगी

मेट्रो विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को कनेक्टिविटी मिलेगी। इनमें गौर सिटी मॉल, H&S मॉल, ब्लू सफायर मॉल, IKEA और एंथुरियम मॉल जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इसके अलावा टेक महिंद्रा, TCL टेक और ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड जैसे कार्यालयों और आईटी हब तक पहुंचना भी आसान होगा।

स्कूल और अस्पतालों को भी मिलेगा फायदा

नए मेट्रो कॉरिडोर से दिल्ली पब्लिक स्कूल समेत कई शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच बेहतर होगी। वहीं, कैलाश हॉस्पिटल, रामा हॉस्पिटल और क्लाउड हॉस्पिटल जैसे प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों को भी मेट्रो कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इस रूट से क्लियो काउंटी रेजिडेंस और गौर सिटी-1 व 2 जैसी बड़ी आवासीय सोसायटियों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

सफर का समय और ट्रैफिक जाम होगा कम

मेट्रो विस्तार का उद्देश्य नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा को आसान बनाना, सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करना और लोगों का सफर का समय घटाना है। इससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, कारोबारियों और आम यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। साथ ही दोनों शहरों के व्यावसायिक और आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है।