Breaking News

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात     |   महाराष्ट्र SIR के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंची याचिका, हटाए गए वोटरों के नाम बहाल करने की मांग     |   चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, दिल्ली कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस तैनात     |   एशियन गेम्स में भारत को एक और गोल्ड, शूटिंग में कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने मारी बाजी     |   यूपी: भारी बारिश पर CM योगी का एक्शन, 24 घंटे में सर्वे कर मुआवजा देने के निर्देश     |  

यूपी में 26 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए फील्ड में उतरने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 से 26 सितंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के आसपास सक्रिय डीप डिप्रेशन का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने और राहत-बचाव की तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावित इलाकों में खुद पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने को कहा है।

फील्ड में उतरकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश

भारी बारिश से जलभराव और अन्य समस्याओं की आशंका को देखते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं।

24 घंटे में नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता

सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। साथ ही लोगों को नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचने की सलाह दी गई है। सरकार ने प्रशासन को बारिश से पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।