दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को संत परमानंद अस्पताल में नवनिर्मित अत्याधुनिक आईवीएफ सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य दिल्ली को बेहतर मेडिकल हब बनाना है, जिसके लिए सरकारी और निजी क्षेत्र की भागीदारी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बीमारी के इलाज के साथ उसकी रोकथाम पर भी ध्यान दे रही है। इसके लिए रिहायशी इलाकों के आसपास आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जा रहे हैं और बड़े अस्पतालों के चिकित्सा ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।
10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाले पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य कवर में दिल्ली सरकार ने पांच लाख रुपये और जोड़े हैं। इस तरह पात्र लोगों को 10 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य सुरक्षा कवच दिया जा रहा है।
अब तक 8.94 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं, 70 वर्ष से अधिक उम्र के 3.09 लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान वय वंदना योजना से जुड़े हैं। विधवा और दिव्यांग पेंशन के 5.28 लाख से अधिक लाभार्थियों और उनके परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है।
मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी एमबीबीएस और पीजी सीटें
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में 415 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 29 जन औषधि केंद्र शुरू किए गए हैं। अस्पतालों के विस्तार के लिए 503.49 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाएं शुरू की गई हैं। जीबी पंत अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और न्यूरो आईसीयू जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा 16 सरकारी अस्पतालों में 300 डायलिसिस मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या 595 से बढ़ाकर 820 और पीजी सीटों की संख्या 553 से बढ़ाकर 762 की जा रही है। द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में 805.99 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज विकसित किया जा रहा है।
1,200 से अधिक नर्सों और 954 डॉक्टरों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री के अनुसार, दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 1,200 से अधिक नर्सों और 954 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में 4,000 से अधिक नए पद स्वीकृत किए गए हैं।
डिजिटल हेल्थकेयर और मुफ्त जांच पर जोर
दिल्ली में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। अब तक एक करोड़ से अधिक आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं और 38 सरकारी अस्पतालों में डिजिटल हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है।
सरकार नवजात शिशुओं की 56 तरह की मुफ्त जांच, 10,000 मुफ्त कैंसर स्क्रीनिंग और 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।
संत परमानंद अस्पताल में आधुनिक आईवीएफ सेंटर शुरू
संत परमानंद अस्पताल में शुरू किए गए नए आईवीएफ सेंटर में आधुनिक प्रजनन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां आईवीएफ और आईसीएसआई जैसी उन्नत तकनीकों से इलाज किया जाएगा। सेंटर में विशेषज्ञ फर्टिलिटी डॉक्टरों और एम्ब्रायोलॉजिस्ट की टीम मरीजों को जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। इसके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम आगे भी जारी रहेगा।