दिवाली पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सदर बाजार में फ्लैग मार्च किया। इसका उद्देश्य बाजार में आने वाले खरीदारों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना है।
सुरक्षा के लिए बाजार के प्रमुख चौराहों पर फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) वैन तैनात की गई हैं। भीड़भाड़ वाली गलियों में निगरानी के लिए ऊंचे वॉच टावर यानी मचान बनाए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस की पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई है।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए लगातार हो रही गश्त
सदर बाजार के एसीपी सोनू कुमार ने बताया कि दिवाली के दौरान खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनमें भरोसा कायम करने के लिए फ्लैग मार्च किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस रोजाना इस तरह की गश्त करती है, ताकि लोगों को बाजार में पुलिस की मौजूदगी का एहसास रहे और वे बिना किसी डर के खरीदारी कर सकें।
एसीपी के अनुसार, बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नियमित गश्त की जा रही है। प्रमुख स्थानों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए गए हैं, जिनके जरिए लोगों को एक जगह इकट्ठा न होने और रास्तों पर भीड़ न लगाने की लगातार हिदायत दी जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस ने बाजार में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए हैं। प्रमुख चौराहों पर FRS वैन के जरिए निगरानी की जा रही है, जबकि संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों में बनाए गए मचानों से पुलिसकर्मी नजर रख रहे हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि दिवाली के दौरान सदर बाजार समेत राजधानी के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और लोग सुरक्षित माहौल में खरीदारी कर सकें।