प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नशे की लत देश के युवाओं के सपनों और भविष्य के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। इससे निपटने के लिए अब समाज के लोग भी तेजी से आगे आ रहे हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ चल रहे सामूहिक प्रयासों पर खुशी जताई।
रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में पीएम मोदी ने 'नशा मुक्त युवा अभियान' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान देशभर में चल रहा है और इसमें समाज की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा जरूरी
प्रधानमंत्री ने इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत 'नशा मुक्त युवा अभियान' की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा था कि यह पहल केवल किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि परिवार, समाज और पूरे देश के लिए है।
पीएम मोदी के मुताबिक, विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। उनमें आत्मविश्वास होना चाहिए और उन्हें नशे जैसी खतरनाक आदतों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे और उसकी लत के नुकसान के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे सतर्क रहें और इस बुरी आदत से बच सकें।
सामूहिक प्रयास से मिलती है नई ऊर्जा
पीएम मोदी ने सामाजिक अभियानों में लोगों की एकजुटता को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि कई बार किसी मुश्किल काम को अकेले करना थकान और निराशा की वजह बन जाता है, लेकिन जब वही काम जन आंदोलन का रूप ले लेता है और लाखों लोग साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा होता है। प्रधानमंत्री ने नशे के खिलाफ लड़ाई को भी जनभागीदारी से मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया।