Breaking News

नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं के सपनों के लिए चुनौती बनकर उभरा है: 'मन की बात' में बोले PM मोदी     |   अयोध्या में कोहरे और ठंड का असर, कुछ इलाकों में विजिबिलिटी हुई कम     |   दिल्ली के विश्वास नगर में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौत     |   झारखंड: रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर बड़ा हादसा, 13 लोगों की मौत     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने जमाई फिफ्टी     |  

कोटेदारों के शोषण पर योगी सरकार सख्त, अवैध वसूली करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही योगी सरकार उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के हितों को लेकर भी सख्त रुख अपना रही है। सरकार ने साफ किया है कि राशन वितरण में अहम भूमिका निभाने वाले कोटेदारों को किसी भी तरह से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। 

खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोटेदारों से अवैध वसूली, उन पर अनुचित दबाव बनाने या किसी भी तरह का शोषण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कोटेदारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा विभाग की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

लाभांश बढ़ने से कोटेदारों को मिलेगी आर्थिक राहत

लखनऊ के रविंद्रालय में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में कोटेदारों ने लाभांश बढ़ाने के फैसले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य मंत्री मनोज कुमार पांडेय का आभार जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से लाभांश में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। सरकार के फैसले से उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उनके काम और सम्मान को भी उचित महत्व मिला है।

16 करोड़ लोगों तक राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी

खाद्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के करीब 16 करोड़ लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में कोटेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीब और जरूरतमंद परिवारों के अधिकारों से जुड़ी है। इसलिए सभी उचित दर विक्रेता पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि राशन वितरण में किसी तरह की अनियमितता न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व नियमित बनी रहे। राशन लेने आने वाले लाभार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। मंत्री ने अधिकारियों को भी स्पष्ट किया कि कोटेदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। सरकार जहां उनके आर्थिक हितों की रक्षा के लिए कदम उठा रही है, वहीं राशन वितरण में उनकी जवाबदेही भी तय है।