हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के जरिए बड़े-बड़े स्वास्थ्य लाभ का दावा करने वाली कंपनियों पर उत्तर प्रदेश सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने नियमों का उल्लंघन करने और बिना वैज्ञानिक प्रमाण के उत्पादों के फायदे बताने के आरोप में 10 कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इन कंपनियों के उत्पाद अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बेचे जा रहे हैं। विभाग ने संबंधित कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में उन उत्पादों को निशाने पर लिया गया है, जिनमें एफएसएसएआई से गैर-अनुमोदित अवयवों के इस्तेमाल और स्वास्थ्य संबंधी भ्रामक दावों की आशंका है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इन 10 कंपनियों को भेजा गया नोटिस
एफएसडीए की ओर से जिन कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें हमिंग हर्ब्स, प्योरसोर्स न्यूट्रिशन प्राइवेट लिमिटेड, डिस्निल बायोटेक, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स, न्यूट्रा हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, हर्ब्स न्यूट्रीप्रोडक्ट्स, ट्रेक्सजेन फार्मास्यूटिकल्स, एमजी एंटरप्राइजेज, यूराफोर लाइफ साइंसेज और एचआईएम न्यूट्रिशन शामिल हैं। विभाग की जांच में इन कंपनियों के कुछ उत्पादों में ऐसे अवयवों के इस्तेमाल पर सवाल उठे हैं, जिनकी नियामकीय अनुमति स्पष्ट नहीं है।
नींद, तनाव और एंटी-एजिंग के दावों की होगी जांच
जांच के दायरे में नींद और तनाव से राहत देने वाले सप्लीमेंट, मसल बिल्डिंग उत्पाद, प्री-वर्कआउट फॉर्मूलेशन, मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाने वाले उत्पाद और एंटी-एजिंग सप्लीमेंट शामिल हैं। इनमें 5-एचटीपी, गैबा, नाइट्रोसिजिन, निकोटिनामाइड राइबोसाइड, एनएडी+, एनएमएन, योहिम्बे बार्क एक्सट्रैक्ट और रोडियोला रोजिया जैसे अवयवों के इस्तेमाल पर विभाग ने आपत्ति जताई है।
नोटिस पाने वाले उत्पादों में हमिंग हर्ब्स 5-एचटीपी+, मसल बिल्डर्स एक्सट्रीम द वुल्फ प्री-वर्कआउट, एनएडी+ निकोटिनामाइड राइबोसाइड, न्यूट्रालिबे एनएडी 300 एमजी, न्यूट्राजेन लॉन्गेविटी प्रो, प्योर न्यूट्रिशन नेचुरल ट्रेजर्स गैबा, ट्रेक्सजेनिक्स मेमोबूस्ट एडवांस्ड नूट्रोपिक, हेल्दी पिल एनएडी+ 250 एमजी, ईयूआर हेल्थ कोरल कैल्शियम च्यूएबल टैबलेट्स और एचआईएम न्यूट्रिशन प्री-वर्कआउट न्यूरो चार्ज शामिल हैं।
बिना वैज्ञानिक प्रमाण के स्वास्थ्य लाभ बताने पर आपत्ति
एफएसडीए की जांच में कुछ कंपनियों के उत्पादों को लेकर किए गए दावों पर भी सवाल उठाए गए हैं। इनमें बेहतर नींद, तनाव से राहत, मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने, शरीर में ऊर्जा का स्तर सुधारने, डीएनए रिपेयर, मस्तिष्क की कार्यक्षमता और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने जैसे दावे शामिल हैं।
न्यूट्राजेन लॉन्गेविटी प्रो में एनएमएन, फिसेटिन, एपिजेनिन और स्पर्मिडीन जैसे अवयवों के इस्तेमाल के साथ एंटी-एजिंग संबंधी दावों की जांच की जा रही है। वहीं, ट्रेक्सजेनिक्स मेमोबूस्ट में इस्तेमाल किए गए अवयवों की मात्रा और माइग्रेन, थायरॉइड, लिवर व यूरिक एसिड जैसी समस्याओं से जुड़े प्रचार पर भी सवाल उठाए गए हैं। कुछ उत्पादों में घोषित सामग्री और उसके इस्तेमाल से जुड़े नियमों के पालन की स्थिति भी स्पष्ट नहीं मिली है।
डॉक्टरों की तस्वीर और सरकारी लोगो के इस्तेमाल पर भी नजर
विभाग ने उत्पादों के प्रचार के तरीके को भी जांच के दायरे में रखा है। कुछ कंपनियों पर डॉक्टरों की अनुशंसा, मेडिकल पेशेवरों जैसी तस्वीरों और एफएसएसएआई सहित अन्य प्रमाणन संस्थाओं के लोगो का इस्तेमाल कर उपभोक्ताओं के बीच उत्पादों को अधिक विश्वसनीय दिखाने का आरोप है। इसके अलावा उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल पर जरूरी जानकारियां नहीं देने के मामलों की भी जांच हो रही है।
विभाग के मुताबिक, कुछ उत्पादों पर भारतीय नियमों के अनुसार जरूरी पोषण संबंधी जानकारी, प्रतिशत आरडीए, दैनिक सेवन की मात्रा और 'औषधीय उपयोग के लिए नहीं' जैसी चेतावनियां स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं हैं। कुछ मामलों में निर्माता और विक्रेता का पूरा पता तथा वैध एफएसएसएआई लाइसेंस की जानकारी भी स्पष्ट नहीं मिली है। कैफीन की मात्रा और अन्य अवयवों से जुड़ी घोषणाओं में भी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।
अमेजन और फ्लिपकार्ट से भी मांगा गया जवाब
इस कार्रवाई में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म की जवाबदेही भी तय करने की तैयारी है। ज्यादातर मामलों में अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को संबंधित कंपनियों के साथ नोटिस दिया गया है। वहीं, हेल्दी पिल एनएडी+ के मामले में फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड से भी जवाब मांगा गया है।
विभाग ने प्लेटफॉर्म से पूछा है कि इन उत्पादों को बेचने से पहले कंपनियों के लाइसेंस, सामग्री, उत्पाद की श्रेणी, पैकेजिंग और विज्ञापन में किए गए दावों की जांच किस आधार पर की गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उत्पादों की ऑनलाइन लिस्टिंग हटाने और बिक्री रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी भी मांगी गई है।
मुख्यालय में विशेष समिति का गठन
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर एफएसडीए मुख्यालय में इस पूरे मामले की जांच के लिए विशेष समिति बनाई गई है। अपर आयुक्त (प्रशासन) को नोडल अधिकारी और संयुक्त आयुक्त (खाद्य) हरि शंकर सिंह को समिति का पर्यवेक्षक बनाया गया है। इसके अलावा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और अन्य विभागीय अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
समिति ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे उत्पादों के साथ संबंधित कंपनियों और उनके प्रतिष्ठानों की जांच करेगी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 22 और वर्ष 2016 के संबंधित नियमों के तहत उत्पादों में इस्तेमाल किए गए अवयवों, उनकी मात्रा, स्वास्थ्य संबंधी दावों, लेबलिंग, पैकेजिंग और गुणवत्ता की पड़ताल की जाएगी।
15 दिन में देना होगा जवाब, बिक्री पर भी लग सकती है रोक
संबंधित कंपनियों को अपने उत्पादों के समर्थन में वैज्ञानिक प्रमाण और नियामकीय दस्तावेजों के साथ 15 दिनों के भीतर जवाब देना होगा। समिति इन जवाबों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन साबित होता है तो मामले को एफएसएसएआई के पास भेजा जाएगा।
गंभीर अनियमितता मिलने पर संबंधित उत्पादों की बिक्री उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसके बाद जरूरत के अनुसार कंपनियों के वितरकों, थोक विक्रेताओं और सीएंडएफ प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मकसद हेल्थ सप्लीमेंट के नाम पर गलत दावों और गैर-अनुमोदित सामग्री की बिक्री पर रोक लगाकर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।