समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना को जायज ठहराने वाले बयान पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सनातन पांडेय के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे उन परिवारों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए लंबी लड़ाई लड़ी।
भाजपा प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि सैकड़ों निहत्थे कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि आज से वह सनातन पांडेय का नाम औरंगजेब रखते हैं।
अखिलेश यादव की चाटुकारिता में इतना भी मत गिरिए
अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की चाटुकारिता में सनातन पांडेय इस हद तक गिर गए हैं कि अब सनातन धर्म को ही अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा हिंदू धर्म को अपमानित किया है। इस तरह के बयान से उनके अपने परिवार को भी शर्मिंदगी महसूस होगी।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी के नेता इस तरह की बयानबाजी करने लगते हैं, ताकि अखिलेश यादव को खुश किया जा सके। उन्होंने कहा कि सनातन को अपमानित करने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती।
सनातन पांडेय का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील
भाजपा प्रवक्ता ने हिंदू समाज से सनातन पांडेय का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे बयानों का विरोध करना चाहिए। जिस दरवाजे पर भी वह जाएं, वहां से उन्हें दुत्कारकर बाहर कर देना चाहिए। अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि कारसेवकों की हत्या को जायज ठहराने वाला बयान निंदनीय है और हिंदू समाज इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगा।