Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

आर्थिक तंगी नहीं बनेगी सपनों की राह में रोड़ा, अभ्युदय योजना से युवाओं को मिल रहा सफलता का मंच

आर्थिक कमजोरी अब प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों के बीच बाधा नहीं बनेगी। योगी सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी का अवसर दे रही है। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना के तहत प्रदेश के 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

योजना के माध्यम से युवाओं को निजी कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस से राहत मिल रही है। साथ ही उन्हें निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

यूपीएससी से लेकर नीट-जेईई तक की तैयारी

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अभ्यर्थियों को यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विषयवार पढ़ाई और परीक्षा के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिल रहा है, जो प्रतिभा और मेहनत के बावजूद आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निजी कोचिंग नहीं ले पाते थे।

कानपुर के तीन केंद्रों से 15 अभ्यर्थियों का चयन

योजना के सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। कानपुर में संचालित तीन अभ्युदय केंद्रों से अब तक 15 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हो चुका है। इनमें जेईई मेन्स, यूपीपीसीएस लेक्चरर और जूनियर असिस्टेंट जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। इन सफलताओं से दूसरे युवाओं को भी सीमित संसाधनों में बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिल रही है।

आर्थिक रूप से कमजोर मेधावियों को आगे बढ़ाने का प्रयास

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी युवा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने लक्ष्य से पीछे न रह जाए। योगी सरकार की इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को अधिक सुलभ बनाया जा रहा है, ताकि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा साबित कर सकें और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।