Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास का प्रतीक, भैया दूज पर सीएम रेखा गुप्ता ने दीं शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भैया दूज के पावन अवसर पर दिल्लीवासियों और सभी भाई-बहनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भैया दूज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने के संकल्प का प्रतीक है। यह पर्व भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों की सुंदर झलक दिखाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन के हाथों लगाया जाने वाला तिलक भाई की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे जीवन की कामना का प्रतीक है। भाई-बहन का रिश्ता बचपन की यादों, छोटी-छोटी नोकझोंक, प्यार और हर परिस्थिति में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने के भरोसे से मजबूत होता है। रिश्तों की असली पूंजी महंगे उपहार नहीं, बल्कि उनमें छिपा स्नेह, सम्मान और अपनापन है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि भाई की जिम्मेदारी केवल बहन की रक्षा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके सपनों, आत्मसम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों का सम्मान करना भी जरूरी है। एक मजबूत समाज वही है, जहां हर बेटी और बहन को सुरक्षित माहौल, समान अवसर और आगे बढ़ने का पूरा अधिकार मिले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए महिलाओं का सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है। परिवार में प्रेम, समाज में संवेदना और जीवन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान ही मजबूत और विकसित समाज की नींव हैं। मुख्यमंत्री ने कामना की कि भैया दूज का यह त्योहार हर परिवार में खुशियां, प्रेम और आपसी विश्वास बढ़ाए। साथ ही भाई-बहन का यह पवित्र रिश्ता हमेशा अटूट बना रहे।