Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

Asia Cup: तिलक वर्मा का शतक भी नहीं दिला सका जीत, पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रन से हराया

एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा, ग्रुप बी के मुकाबले में कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार शतक जड़ा, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई। पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 265 रन पर सिमट गई।

पाकिस्तान ए की ओर से मध्यक्रम के बल्लेबाज हसन नवाज ने 79 रन की आक्रामक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान की पूरी टीम 49.2 ओवर में 313 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भारत के सामने जीत के लिए 314 रन का लक्ष्य था।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों में छह चौके और छह छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 100 रन और शाहबाज अहमद ने 56 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। इसके बावजूद बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे और भारत 49.1 ओवर में 265 रन पर ढेर हो गया।

तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़कर भारतीय टीम की उम्मीदें कायम रखीं। शाहबाज ने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अली रजा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद भारत के लिए लक्ष्य तक पहुंचना और कठिन हो गया। पाकिस्तान की ओर से अली रजा और हसन नवाज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद इमरान को दो सफलता मिली। अहमद दानियाल और सुफयान मोकिम ने भी एक-एक विकेट लिया।

तिलक वर्मा ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने शुरुआती 36 गेंदों में महज आठ रन बनाए, लेकिन बाद में अपने खेल में तेजी लाई। दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा ने मोहम्मद इमरान के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कई आकर्षक शॉट लगाए। हालांकि हसन नवाज की गेंद पर उनका शॉट सही तरीके से कनेक्ट नहीं हुआ और समद ने मिड ऑफ पर कैच लपक लिया। अभिषेक के पवेलियन लौटते ही भारतीय पारी दबाव में आ गई।

इससे पहले पाकिस्तान ए की पारी में सलामी बल्लेबाज माज सदाकत ने 59 रन बनाए, जबकि शमील हुसैन ने 33 रन का योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद हर्षित राणा ने शमील हुसैन और रोहेल नजीर को आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई।

हसन नवाज ने इसके बाद पारी को संभालते हुए सदाकत के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सूर्यांश शेडगे ने सदाकत को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नवाज और कप्तान अब्दुल समद ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़कर पाकिस्तान का स्कोर आगे बढ़ाया।

नवाज ने 82 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में पांच चौके और चार छक्के शामिल रहे। वह 79 रन बनाकर सूर्यांश शेडगे की गेंद पर आउट हुए। डीप पॉइंट के पास आयुष बडोनी ने उनका शानदार कैच पकड़ा। उस समय पाकिस्तान का स्कोर 38.2 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन था।

नवाज के आउट होने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की, लेकिन फरहान यूसुफ ने 48 गेंदों में 56 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर पाकिस्तान को 300 रन के पार पहुंचा दिया। इस तरह पाकिस्तान ए ने 313 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और बाद में भारतीय टीम को 265 रन पर रोककर 48 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।