Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

अभिषेक बनर्जी के अमतला स्थित कार्यालय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, कार्यालय पर चला बुलडोजर

पश्चिम बंगाल के अमतला में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। डायमंड हार्बर पुलिस जिले में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है और कार्यालय के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया। चुनाव परिणाम आने के बाद से यह कार्यालय बंद पड़ा है। दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने कथित अवैध निर्माण को लेकर पहले नोटिस जारी किया था, लेकिन तय समय के भीतर कार्यालय की ओर से कोई प्रतिनिधि जिला परिषद के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद सरकारी नियमों के तहत अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्रवाई की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी और लगातार निगरानी रखी जा रही है। इससे पहले 3 जुलाई को अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि उनके कार्यालय से जुड़े कई लोगों को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और सीआईडी (CID) द्वारा राजनीतिक कारणों से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया था कि पिछले कुछ हफ्तों में उनके कार्यालय से जुड़े करीब 25 लोगों को बिना उचित नोटिस पूछताछ के लिए बुलाया गया या हिरासत में लिया गया। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि इन लोगों पर उनके खिलाफ झूठे बयान देने का दबाव बनाया जा रहा है, उनके फोन टैप किए जा रहे हैं और उनके परिवार के सदस्यों, यहां तक कि महिलाओं को भी धमकाया और परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रताड़ना करार दिया।