Breaking News

नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं के सपनों के लिए चुनौती बनकर उभरा है: 'मन की बात' में बोले PM मोदी     |   अयोध्या में कोहरे और ठंड का असर, कुछ इलाकों में विजिबिलिटी हुई कम     |   दिल्ली के विश्वास नगर में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौत     |   झारखंड: रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर बड़ा हादसा, 13 लोगों की मौत     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने जमाई फिफ्टी     |  

योगी सरकार ने खोले तरक्की के रास्ते, अभ्युदय योजना से युवाओं को मिल रही मुफ्त कोचिंग

महात्मा ज्योतिबा फुले ने एक ऐसे समाज की परिकल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति को उसकी प्रतिभा और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। उनका मानना था कि शिक्षा ही सामाजिक असमानता को दूर करने और समाज में बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना इसी प्रयास की एक अहम कड़ी बनकर उभरी है। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को अपने ही जिले में मुफ्त कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल रहा है।

प्रदेश के 157 केंद्रों पर निशुल्क कोचिंग की सुविधा

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की शुरुआत 16 फरवरी 2021 को बसंत पंचमी के अवसर पर की गई थी। इसका मकसद ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देना है, जो महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। योजना के अंतर्गत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस और एसएससी जैसी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कराई जा रही है।

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के मुताबिक, प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 157 अभ्युदय कोचिंग केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें लगभग 19,856 अभ्यर्थी नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, योजना शुरू होने के बाद से अब तक 1.29 लाख से अधिक विद्यार्थी ऑफलाइन कोचिंग का लाभ उठा चुके हैं। इन केंद्रों पर विषय विशेषज्ञों के जरिए विद्यार्थियों को परीक्षा की जरूरतों के अनुरूप पढ़ाई और मार्गदर्शन दिया जाता है।

700 से अधिक युवाओं ने हासिल की कामयाबी

अभ्युदय योजना अब युवाओं के लिए सफलता का मजबूत मंच बनती जा रही है। इसके माध्यम से तैयारी करने वाले 700 से अधिक अभ्यर्थी सिविल सेवा, पीसीएस, नीट, जेईई और अन्य सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा, वर्ष 2024 से 2026 के दौरान प्रदेश के शीर्ष 10 अभ्युदय केंद्रों से जुड़े 138 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी जगह बनाई है।

योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिभा किसी आर्थिक मजबूरी की वजह से अवसरों से वंचित न रहे। प्रदेश के सभी जिलों में निशुल्क कोचिंग की उपलब्धता से युवाओं को अपने घर के पास ही बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है। इस तरह मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शिक्षा के जरिए समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर और सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।