Breaking News

तिब्बत में आई बाढ़ से चीन में भी भारी तबाही, अब तक 43 मौतें, 519 लोग लापता     |   अवैध इमारतों पर MCD का बड़ा एक्शन, चार मंजिल से ज्यादा निर्माण होंगे सील     |   अमेरिकी हमले के बाद ईरान का बड़ा कदम, होर्मुज में ‘एक्सक्लूजन जोन’ बनाने की तैयारी     |   बागपत में दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 4 लोगों की मौत     |   सत्य निकेतन हादसे में मौत का आंकड़ा 6 पहुंचा, 11 लोगों का रेस्क्यू     |  

मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे से फिसला अमेजन का कार्गो विमान, 5 की मौत

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया अमेजन का कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया और कई गाड़ियों से जा टकराया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दो अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत ज्यादा गंभीर नहीं बताई गई है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों के अंदर फंस गए थे, जबकि विमान के पायलट और को-पायलट भी कॉकपिट में फंस गए। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की 60 से ज्यादा यूनिट्स घटनास्थल पर पहुंचीं और कई घंटे तक राहत-बचाव अभियान चलाया।

हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। सैन जुआन से आया कार्गो विमान मियामी एयरपोर्ट पर उतर रहा था, तभी वह रनवे से आगे निकल गया और कई गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। हादसे के बाद बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण था। विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट फंसे हुए थे। वहीं, जिन गाड़ियों को विमान ने टक्कर मारी, उनमें भी कई लोग फंसे थे। एक व्यक्ति के गाड़ी के नीचे दबे होने की भी जानकारी सामने आई।

दमकलकर्मियों को विमान से हो रहे ईंधन के रिसाव से भी निपटना पड़ा। इसके कारण आग और बचाव अभियान दोनों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में मारे गए लोग विमान में सवार थे या उन गाड़ियों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी थी। इस बारे में जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। घटना के बाद इमरजेंसी टीमें कई घंटों तक मौके पर मौजूद रहीं और विमान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

हादसे में शामिल विमान Boeing 767 था और इसकी उम्र करीब 32 साल बताई जा रही है। विमान को शुरुआत में यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था, लेकिन बाद में इसे कार्गो विमान में बदल दिया गया था। इस विमान को नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी 21 Air ऑपरेट करती थी और यह अमेजन के लिए कार्गो सेवा में इस्तेमाल हो रहा था।2015 में कार्गो विमान में बदले जाने से पहले यह विमान दो दशक से ज्यादा समय तक अलग-अलग एयरलाइंस के लिए उड़ान भर चुका था।

विमान हादसे के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कामकाज भी प्रभावित हुआ। राहत और बचाव टीमों के मौके पर मौजूद रहने के कारण रविवार दोपहर कई उड़ानों को रोकना पड़ा और कई फ्लाइट्स में देरी हुई। रविवार देर दोपहर तक एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें देरी से चल रही थीं। हादसे के बाद विमान से ईंधन के रिसाव और आग के खतरे को देखते हुए सुरक्षा टीमों ने काफी देर तक काम किया।

अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच के लिए एक टीम मियामी भेजने का ऐलान किया है। टीम यह पता लगाएगी कि विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे क्यों निकल गया। जांच टीम विमान, रनवे और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी। जांच की अगुवाई NTSB की चेयरवुमन जेनिफर होमेंडी करेंगी। अमेजन ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि कंपनी जांच में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।