Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ POCSO केस में FIR, BNS की 5 धाराओं के तहत मामला दर्ज     |   अफ्रीकी द्वीप देश केप वर्डे में सड़क हादसा, 25 लोगों की मौत     |   मणिपुर के चुराचांदपुर में एनकाउंटर, UKNA के 2 उग्रवादी ढेर     |   राम मंदिर चंदा चोरी मामले में 8 आरोपियों की बढ़ी मुश्किलें, 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे     |   PM मोदी कल मंत्रियों के साथ करेंगे रिव्यू मीटिंग, मंत्रालयों के कामकाज का लेंगे जायजा     |  

पहली बार महात्मा गांधी के किरदार में नजर आएंगे मनोज बाजपेयी, सुधीर मिश्रा की फिल्म का फर्स्ट लुक जारी

बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी जल्द ही पर्दे पर पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्ममेकर सुधीर मिश्रा की आने वाली ऐतिहासिक फिल्म में वह राष्ट्रपिता की भूमिका निभा रहे हैं। रविवार को फिल्म से मनोज बाजपेयी का फर्स्ट लुक भी जारी कर दिया गया। जारी किए गए फर्स्ट लुक में मनोज बाजपेयी का अंदाज उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग नजर आ रहा है। उनका लुक महात्मा गांधी के व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

फिल्म की कहानी भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े 21 दिनों के एक कम चर्चित दौर पर आधारित बताई जा रही है। हालांकि, फिल्म की कहानी और दूसरे अहम पहलुओं को फिलहाल गुप्त रखा गया है। मेकर्स ने अभी तक फिल्म के नाम और रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है। इस प्रोजेक्ट में करीब चार दशक से हिंदी सिनेमा में काम कर रहे निर्देशक सुधीर मिश्रा और मनोज बाजपेयी पहली बार साथ आ रहे हैं। सुधीर मिश्रा को 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' और 'धारावी' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।

फिल्म का निर्देशन सुधीर मिश्रा कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हिरावत ने बनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले किया है। फिल्म को NH Studioz प्रस्तुत कर रहा है। मनोज बाजपेयी के दूसरे प्रोजेक्ट की बात करें तो वह जल्द ही 'लास्ट मैन इन टावर' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता भी हैं।

फिल्म का निर्देशन बेन रेखी ने किया है और इसे राणा दग्गुबाती की स्पिरिट मीडिया ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म अरविंद अडिगा के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है। खास बात यह है कि फिल्म में मनोज बाजपेयी और बोमन ईरानी पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। 'लास्ट मैन इन टावर' 11 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।