Breaking News

CM विजय का बड़ा ऐलान, चेन्नई में 20 लाख वर्गफुट में बनेगा नया सचिवालय     |   राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (रिटायर्ड) अयोध्या पहुंचे     |   'ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर लगाएंगे प्रतिबंध', अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बोले     |   एक्टर दुनिया विजय के बेटे के खिलाफ केस दर्ज, क्लासमेट से दुर्व्यवहार करने पर एक्शन     |   'ईरान पर फिर से अटैक करने को तैयार अमेरिका', ट्रंप का बड़ा ऐलान     |  

जयशंकर तीन से पांच सितंबर तक यूक्रेन और पोलैंड की यात्रा पर, रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान पर रहेगा जोर

विदेश मंत्री एस जयशंकर मॉस्को और कीव के मध्य संघर्ष में बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार से शुरू हो रही यूक्रेन और पोलैंड की तीन दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। कीव में, जयशंकर के रूस-यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने पर जोर देने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘विदेश मंत्री एस. जयशंकर तीन से पांच सितंबर तक यूक्रेन और पोलैंड गणराज्य की आधिकारिक यात्रा करेंगे।’’ मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान जयशंकर अपने यूक्रेनी समकक्ष एंड्री सिबिहा और पोलैंड के उप-प्रधानमंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इस यात्रा का मुख्य मकसद दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। साथ ही, ये क्षेत्रीय घटनाक्रमों और आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान करेगी।’’ भारत लगातार बातचीत और कूटनीति के माध्यम से रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने की जरूरत पर जोर देता रहा है। अगस्त 2024 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन की राजधानी कीव की यात्रा की थी और राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से कहा था कि यूक्रेन और रूस दोनों को युद्ध खत्म करने के लिए समय बर्बाद किए बिना एक साथ बैठना चाहिए।

इस सप्ताह बिश्केक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई बैठक में, प्रधानमंत्री मोदी ने कूटनीति और बातचीत के जरिए संघर्ष को खत्म करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने बैठक की शुरुआत में कहा, ‘‘युद्ध में बिताया गया हर दिन मानवता को पीछे धकेलता है, जबकि शांति की ओर उठाया गया हर कदम मानवता में नयी उम्मीद एवं उत्साह भरता है। हमें अंतहीन युद्ध से युद्ध की समाप्ति की ओर बढ़ना चाहिए, जो मानवता की भलाई के लिए बहुत आवश्यक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सभी मुद्दों का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान मानवता की पुकार है और यही भारत का संदेश भी है। गांधी और बुद्ध की धरती का एक ही संदेश है: शांति का रास्ता।’’

मंगलवार को एससीओ शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन में PM मोदी ने जोर देकर कहा कि बातचीत और कूटनीति ही वैश्विक विवादों को सुलझाने का एकमात्र रास्ता है। जयशंकर की कीव यात्रा ऐसे समय हो रही है जब इस हफ्ते यूक्रेन की राजधानी में रूसी हमले में एक भारतीय की मौत को लेकर नयी दिल्ली में चिंता है। पिछले कुछ हफ्तों में काला सागर में व्यापारिक पोतों पर हुए सिलसिलेवार हमलों को लेकर भी भारत चिंतित रहा है।