Breaking News

ईरान से बन गई बात, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारत आएंगे दो टैंकर     |   लेबनान पर इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 773 हुई     |   ईरान तनाव के बीच अमेरिका का बड़ा कदम, 2500 मरीन सैनिक मिडिल ईस्ट भेजे जाएंगे     |   अफगान-तालिबान फोर्सेज ने देर शाम भी पाकिस्तान पर हमला किया, आर्मी के ठिकानों को बनाया निशाना     |   जंग की वजह से हवाई सफर भी महंगा, IndiGo ने 2300 रुपये तक बढ़ा दिया सरचार्ज     |  

शशि थरूर ने फ्रांस के मंत्री बेंजामिन हद्दाद से की मुलाकात, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग पर चर्चा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फ्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री बेंजामिन हद्दाद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और फ्रांस के बीच बढ़ते सहयोग पर चर्चा की। शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि बातचीत में शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंध (पीपल-टू-पीपल टाइज) को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है।

वहीं फ्रांस के मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने भी इस बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि फ्रांस और भारत वैश्विक मामलों में एक स्वतंत्र और मजबूत साझेदारी बना सकते हैं। इससे पहले बुधवार को भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो से बातचीत की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चर्चा की।

फ्रांस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने इस मुद्दे पर बातचीत जारी रखने और तनाव कम करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। जयशंकर 16 मार्च को ब्रसेल्स में होने वाली विदेश मामलों की परिषद (FAC) की बैठक में भी शामिल होंगे। दरअसल, अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे समुद्री रास्तों और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर पड़ा है।

अब युद्ध को 14 दिन हो चुके हैं और दोनों पक्षों के बीच हमले जारी हैं। इस बीच ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की चेतावनी भी दी है, जिससे कई देशों की ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। उधर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। गुटेरेस ने सभी पक्षों से हिंसा रोकने, अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तनाव कम करना और संवाद ही इस संकट से निकलने का एकमात्र रास्ता है।