Breaking News

US विदेश मंत्री मार्क रूबियो जयपुर पहुंचे, आमेर किला-सिटी पैलेस का दौरा करेंगे     |   नीट पेपर लीक केस: रॉउज एवन्यू कोर्ट ने मनीषा को 6 दिन की CBI की कस्टडी में भेजा     |   ईरान: अभी किसी प्रतिनिधिमंडल को PAK भेजने की योजना नहीं- विदेश मंत्रालय प्रवक्ता     |   ‘हम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर कोई टोल नहीं लेंगे’, बोले ईरानी विदेश मंत्रालय प्रवक्ता     |   कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज शाम 7 बजे बेंगलुरु से दिल्ली रवाना होंगे     |  

पंजाब CM भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान BJP में शामिल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ज्ञान सिंह मान के भाजपा में शामिल होने को पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के कई प्रमुख नेता और सांसद भाजपा का दामन थाम चुके हैं।

पिछले महीने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन की थी। इसके बाद हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल भी भाजपा में शामिल हो गए। इन राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और आयकर विभाग का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने कहा, “पिछले कुछ वर्षों से पंजाब भाजपा के काम करने के तरीके को देख रहा है। भाजपा के पास ED, CBI और आयकर विभाग जैसे हथियार हैं, जिनका वह इस्तेमाल करती है। अब पंजाब भाजपा के निशाने पर है।” भगवंत मान की यह टिप्पणी उस समय आई जब प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी जीएसटी लेनदेन मामले में की गई। ED ने दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के बाद संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटनाक्रम पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों की ओर संकेत कर रहा है।