मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने मां के चरणों में शीश झुकाकर आरती उतारी और प्रदेशवासियों के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की।

दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर में मौजूद बच्चों ने मुख्यमंत्री को अपने बीच देखा तो उनके पास पहुंच गए। सीएम योगी ने बच्चों से प्यार से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट देकर दुलारा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा में युवाओं को लैपटॉप वितरित करने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। यहां देवीपाटन मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।

सीएम योगी ने मंदिर प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और परिसर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और हरा चारा

मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचकर मुख्यमंत्री ने गोमाता की सेवा की। उन्होंने गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं से भी मुलाकात की।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के लिए रवाना हो गए। इस दौरान देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास जी और हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास सहित अन्य संत-महात्मा मौजूद रहे।
