Breaking News

धनबाद कोल वाशरी हादसा: मृतकों के परिजनों को 20 लाख मुआवजा, नौकरी का भी वादा     |   नॉर्थ 24 परगना में बीजेपी नेता कुंदन सिंह के घर पर फायरिंग, कोई हताहत नहीं     |   नेपाल: PM बालेन शाह ने कैंसिल किए 1500 से ज्यादा पॉलिटिकल अपॉइंटमेंट्स     |   दीदी बंगाल में थीं और रहेंगी- अखिलेश यादव का दावा     |   IPL: 1.65 बिलियन डॉलर में बिकेगी राजस्थान रॉयल्स, मित्तल-पूनावाला कंसोर्टियम करेगा अधिग्रहण     |  

दिल्ली के विवेक विहार में एसी ब्लास्ट, 9 लोगों की मौत, कई घायल

दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत, जबकि 4 से 6 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग बी-13 बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर लगी थी और धीरे-धीरे पूरी इमारत में फैल गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एसी फटने से यह हादसा हुआ है।

फायर कंट्रोल रूम को सुबह 3:48 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल विभाग की 14 गाड़ियां भेजी गईं। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

डीसीपी शाहदरा आर पी मीणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, पुलिस और अन्य प्रशासनिक एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को जल्द से जल्द इलाज उपलब्ध कराना है।दिल्ली फायर सर्विस के डिवीजनल ऑफिसर (DO) मुकेश वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण एयर कंडीशनर (AC) में हुआ जोरदार ब्लास्ट प्रतीत हो रहा है।

मुकेश वर्मा के अनुसार, इमारत की बनावट और सुरक्षा नियमों की अनदेखी ने इस हादसे को जानलेवा बना दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इमारत में प्रवेश और निकास (Entry and Exit) के लिए केवल एक ही रास्ता था, जिसके कारण आग लगने के बाद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।इस घटना पर सीएम रेखा गुप्ता ने चिंता जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, "विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।"

उन्होंने आगे लिखा,"स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।"

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीना ने हताहतों की पुष्टि करते हुए बचाव कार्य जारी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया, "विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत के एक घर में आग लग गई, जिसमें दूसरी मंजिल पर हताहत हुए। अब तक 3-4 शव बरामद किए जा चुके हैं और शेष शवों की तलाश जारी है। हम अभी भी खोजबीन कर रहे हैं। 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग बहुत तेजी से फैली, जिससे लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। प्रशासन ने आसपास के इलाकों को एहतियातन खाली करवा लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और आशंका है कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।