मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले स्थित बर्गी बांध में हुए क्रूज बोट हादसे में रविवार को दो और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि सभी लापता लोगों की तलाश पूरी कर ली गई है। जबलपुर कलेक्टर के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से बताया गया, “दो और शव मिलने के साथ लापता लोगों की खोज पूरी हो गई है।” बरामद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
यह हादसा 30 अप्रैल की शाम को हुआ था, जब राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित नाव अचानक पलट गई। 1 मई को अधिकारियों ने बताया था कि 29 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि अन्य की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और सेना के जवान शामिल रहे, जिन्होंने पानी और आसपास के इलाकों में व्यापक खोजबीन की।
शनिवार को रेस्क्यू टीम ने दो बच्चों के शव भी बरामद किए थे। उनकी पहचान विराज सोनी (4), पुत्र कृष्णा सोनी, निवासी कोतवाली, जबलपुर और श्री तमिल (6), पुत्र कामराज, निवासी वेस्टलैंड खमरिया, जबलपुर के रूप में हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, “जबलपुर में नाव पलटने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”