Breaking News

CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |   जनपथ मेट्रो स्टेशन के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली समेत सभी बीजेपी शासित राज्यों में दर्ज FIR रद्द होंगी: CJP     |   सुसाइड करने वाले छात्रों को नियम के हिसाब से मुआवजा मिलेगा: जेपी नड्डा     |   कॉकरोच जनता पार्टी ने धरना प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान किया, बोले- सरकार ने तीनों मांग मानी     |  

एल्विश यादव के घर पर गोलीबारी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में हिमांशु भाऊ गिरोह से कथित रूप से संबद्ध दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों की पहचान गौरव और आदित्य के रूप में की गई है। दोनों व्यक्तियों को उनकी गतिविधि के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद एक योजनाबद्ध अभियान चलाकर दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके के पास से गिरफ्तार किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपियों पर यादव के घर पर 17 अगस्त को हुई गोलीबारी की घटना में सीधे तौर पर शामिल होने का संदेह है।’’
गोलीबारी के बाद इंस्टाग्राम पर एक कथित पोस्ट सामने आई थी, जिसमें ‘भाऊ गैंग’ ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमले के मकसद का पता लगाने और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।’’ पुलिस ने बताया कि एक मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।