Breaking News

PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की     |   अरविंद केजरीवाल कल मनीष सिसोदिया के घर पर होली मनाएंगे     |   कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल ईरानी जेट विमानों को मार गिराने से पहले चेतावनी दी गई थी     |   तमिलनाडु कांग्रेस चीफ बोले- DMK के साथ गठबंधन के लिए बातचीत जारी     |   पूर्ण चंद्र ग्रहण शुरू, चंद्रोदय होते ही भारत के कई हिस्सों में आएगा नजर     |  

दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 अगस्त को अनिर्धारित उड़ानों पर रहेगा प्रतिबंध, नोटम किया गया जारी

Delhi: दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 अगस्त को निर्धारित अवधि में उन उड़ानों को उतरने या उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी जो पहले से निर्धारित नहीं होंगी। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ये प्रतिबंध स्वतंत्रता दिवस पर सुबह छह बजे से 10 बजे तक और शाम चार बजे से सात बजे तक लागू रहेंगे।

ये प्रतिबंध विमानन कंपनियों की अनिर्धारित उड़ानों के साथ-साथ विशेष उड़ानों पर भी लागू होंगे। अधिकारी ने बताया कि पहले से निर्धारित उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अंतर्गत आने वाली वैमानिकी सूचना सेवा (एआईएस) द्वारा एक नोटम यानी नोटिस टू एयरमैन जारी किया गया है। नोटम आम तौर पर वो आधिकारिक सूचना होती है, जिसमें उड़ान संचालन से जुड़े कर्मचारियों के लिए जरूरी जानकारी दी जाती है।

निर्धारित समय में अनिर्धारित उड़ानों को हवाई अड्डे पर उतरने या उड़ान भरने की इजाजत नहीं होगी, लेकिन निर्धारित उड़ानों के साथ-साथ भारतीय वायुसेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और सेना द्वारा संचालित विमानों पर नोटम का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल या मुख्यमंत्री को ले जाने वाले सरकारी विमान और हेलीकॉप्टर और त्वरित प्रतिक्रिया मिशन और दुर्घटना/तत्काल चिकित्सा निकासी वाले विमानों को भी प्रतिबंधों से छूट दी गई है। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है और यहां से प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का आवागमन होता है।