Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दिल्ली के चावड़ी बाजार में इमारत गिरने से 2 की मौत, ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज

दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल व्यक्ति को बचा लिया गया। हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ठेकेदार निर्माण स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने में नाकाम रहा। इसी लापरवाही के चलते उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) और असिस्टेंट इंजीनियर (AE) को भी निलंबित कर दिया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इमारत गिरने की असली वजह जांच के बाद सामने आएगी। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

घायल को बेहतर इलाज और परिवारों को आर्थिक मदद के निर्देश

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, सीएम ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने घायल व्यक्ति को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी जारी किए हैं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में चुनौती

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि निर्माण नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी संपत्ति मालिकों की भी है। उन्होंने बताया कि इलाके की कई गलियां केवल दो से तीन फीट चौड़ी हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य में परेशानी होती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

सुबह 9:50 बजे मिली थी हादसे की सूचना

दमकल विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे पायवाला इलाके में इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में दो वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और एक इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम भेजी गई।

बाद में एक अतिरिक्त वाटर टेंडर और असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर राजेश शुक्ला को भी घटनास्थल पर भेजा गया। सुबह करीब 10:15 बजे अधिकारियों को सूचना मिली कि निर्माणाधीन इमारत गिर गई है और कुछ लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। इसके बाद अतिरिक्त कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर भेजने की मांग की गई। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।