रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सरयू तट के समीप जब पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप उतरे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम को माला पहनाई और तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के हाथों में फूल, आंखों में प्रभु के दर्शन की आस और होठों पर राम नाम था। ऐसा लग रहा था मानो अयोध्या में एक बार फिर त्रेतायुग की वापसी हो गई हो।
संतों के साथ सीएम योगी ने खींचा रामरथ
प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों के रथ पर विराजमान होते ही रामभक्ति का अद्भुत दृश्य सामने आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतों के साथ मिलकर अपने हाथों से रामरथ खींचा। रथ के आगे बढ़ते ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। चारों तरफ जय श्रीराम के नारे गूंजने लगे और आसमान से पुष्पवर्षा होने लगी।
फूलों से सजे रामरथ पर विराजमान प्रभु के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भजनों की मधुर धुन, शंखनाद और पुष्पवर्षा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संतों के साथ मुख्यमंत्री का रामरथ खींचना प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा और सनातन परंपरा के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।
भजनों और जय श्रीराम के नारों से राममय हुआ पूरा परिसर
रामरथ यात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही रामकथा पार्क और आसपास का पूरा क्षेत्र राममय हो गया। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु प्रभु की भक्ति में झूमते नजर आए। आकाश से बरसते फूल और रामनाम का सामूहिक उद्घोष दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ा रहा था। हर तरफ उत्साह और उल्लास का माहौल था। श्रद्धालुओं के लिए यह पल बेहद खास रहा।
रामकथा पार्क में विराजे प्रभु श्रीराम, सीएम ने किया संतों का अभिनंदन
रामरथ यात्रा के बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप रामकथा पार्क पहुंचे। यहां उन्हें सुसज्जित मंच पर विराजमान कराया गया। प्रभु के मंच पर विराजते ही श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच के सामने मौजूद संतों का स्वागत और अभिनंदन किया। संतों की उपस्थिति और प्रभु के स्वरूपों के दर्शन से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति के माहौल से भर गया।
रामायण के चित्रों में दिखी प्रभु श्रीराम की जीवन गाथा
मुख्य कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यटन विभाग की ओर से लगाई गई फोटो गैलरी का भी अवलोकन किया। इस गैलरी में चित्रकारों ने रामायण के अलग-अलग प्रसंगों को अपनी पेंटिंग के माध्यम से प्रस्तुत किया था। चित्रों में प्रभु श्रीराम के जीवन, उनके त्याग, मर्यादा और आदर्शों को दर्शाया गया।
मुख्यमंत्री ने इन चित्रों को देखा और रामायण की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को करीब से महसूस किया। इस प्रदर्शनी के जरिए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को देखने और समझने का अवसर मिला।
सीएम योगी के नेतृत्व में वैश्विक पहचान बना अयोध्या का दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या का दीपोत्सव लगातार भव्य और आकर्षक स्वरूप ले रहा है। आज यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक आस्था का बड़ा उत्सव बन चुका है।
डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अयोध्या में विकास, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आयोजनों को नई गति मिली है। दीपों की रोशनी, रामनाम की गूंज और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के बीच रामनगरी अपनी सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रही है। दीपोत्सव-2026 का यह आयोजन एक बार फिर प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बना।