दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद एक बार फिर से घने कोहरे की वापसी हो गई है। राजधानी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद ठंड का एहसास भी बढ़ गया है। आज सुबह दिल्ली में घना कोहरा भी छाया रहा। जिसके कारण विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। जिससे सड़कों पर वाहनों चालकों को काफी परेशानी हुई। घने कोहरे के कारण पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सुबह के समय दिल्ली के कई इलाकों में घने कोहरे का रेड अलर्ट भी जारी किया।
दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सोमवार को घने कोहरे के साथ सुबह की शुरुआत हुई। आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है जिसके कारण धूप निकलने की संभावना कम है। आज दिन में 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगामी 3-4 दिनों में भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। 3 फरवरी को राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे ठंड में भी बढ़ोत्तरी की संभावना है। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम पारा 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
दिल्ली में शनिवार और रविवार को कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। IMD की रिपोर्ट के अनुसार, 1 फरवरी शाम 5:30 बजे से पिछले 24 घंटे में सफदरजंग और पालम में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं लोदी रोड में 0.2 मिमी और रिज में 0.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बार जनवरी में औसत 19.1 मिमी से 33 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दिल्ली में 25.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 6.3 मिमी अधिक है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम पारा पालम में 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।