दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के कम से कम सात विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि ये विधायक चुनाव के लिए टिकट न दिए जाने से नाराज थे और बाकी दलों के संपर्क में थे। कुछ विधायकों ने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे साझा किए और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर एएपी पर निशाना साधा।
कस्तूरबा नगर से मौजूदा विधायक मदन लाल ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने और पार्टी के छह और विधायकों ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मदन लाल ने कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल को भी भेज दिया है।
इस्तीफा देने वाले आप विधायकों में भावना गौड़ (पालम), नरेश यादव (महरौली), रोहित महरौलिया (त्रिलोकपुरी) और पवन शर्मा (आदर्श नगर) भी शामिल हैं। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।