दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉर्थ कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कला, विधि और विज्ञान संकाय समेत परिसर के कम रोशनी वाले स्थानों पर पर्याप्त लाइट लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, रेखा गुप्ता अचानक दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस पहुंचीं। यहां उन्होंने कला संकाय के बाहर छात्राओं से सीधे बातचीत की और उनकी सुरक्षा, परिवहन, छात्रावास और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
अंधेरे स्थानों पर लगेंगी लाइट, CCTV कैमरों की होगी जांच
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को परिसर के कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि सड़क पर रोशनी होने के बावजूद परिसर के अंदर कई जगह अंधेरा है, जबकि इन स्थानों पर छात्राओं और विद्यार्थियों की लगातार आवाजाही रहती है।
रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर में कम रोशनी वाले सभी स्थानों की पहचान कर वहां उचित प्रकाश व्यवस्था की जाए। उन्होंने पेड़ों की अनावश्यक शाखाओं की छंटाई कराने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाने को भी कहा, ताकि पेड़ों की वजह से रोशनी बाधित न हो।
मुख्यमंत्री ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि कितने कैमरे लगे हैं, उनमें से कितने काम कर रहे हैं और किन स्थानों पर नए कैमरों की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिया कि जरूरत वाले क्षेत्रों में जल्द कैमरे लगाए जाएं और पहले से लगे कैमरों की कार्यशीलता की जांच की जाए।
कला संकाय, विधि संकाय, विज्ञान संकाय, पार्किंग और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का दोबारा निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर का कोई भी संवेदनशील हिस्सा निगरानी से बाहर नहीं रहना चाहिए।
PG और हॉस्टल की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सामने छात्रावास और पेइंग गेस्ट (PG) व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। इस पर रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार PG व्यवस्था को लेकर जल्द नीति लाने जा रही है। इसके तहत PG के संचालन के लिए जरूरी नियम और मानक तय किए जा सकेंगे।
टूटे फुटपाथ जल्द ठीक करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कई स्थानों पर टूटे और असमान फुटपाथ देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को पूरे मार्ग की जांच करने और जहां भी फुटपाथ क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि छात्राएं बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई और अन्य गतिविधियां जारी रख सकें।