पूर्वी दिल्ली से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आ रही है। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित आचार्य निकेतन इलाके में बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण राज के रूप में हुई है, जो पेशे से डिलीवरी एक्जीक्यूटिव था और पटपड़गंज का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, 02 फरवरी की रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर पांडव नगर थाना क्षेत्र में पीसीआर कॉल मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने अरुण राज को गंभीर हालत में एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे, पहले मृतक से कहासुनी हुई, और फिर तेज धारदार हथियार से गर्दन और सीने पर कई वार किए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया, और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालीहै। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में सभी आरोपी नाबालिग हैं। अब तक एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में कई टीमों का गठन कर छापेमारी जारी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।