Breaking News

West Bengal: शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

West Bengal: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में तीन लोगों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में छह मई की रात हुई रथ की हत्या की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं ने मामले में डिजिटल साक्ष्यों और अंतरराज्यीय संबंधों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बक्सर जिले के पंडियापट्टी का निवासी विशाल श्रीवास्तव शामिल है, जबकि दो अन्य आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

अधिकारी ने कहा कि जांचकर्ताओं को संदेह है कि इनमें से एक शार्पशूटर है। अधिकारी ने कहा, “ये एक बड़ी सफलता है। जांच में संकेत मिले थे कि हमलावर पश्चिम बंगाल के बाहर के थे। तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और अन्य सूचनाओं के आधार पर एसआईटी के सदस्यों को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया था।”

उन्होंने बताया कि हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में कम से कम आठ लोग शामिल थे। पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने रथ को निशाना बनाने से पहले विस्तार से रेकी की थी।