Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

योगी सरकार की डिजिटल पहल, यूपी के 18 मंडलों में शुरू होगा ‘Blue DotsAI’, युवाओं को मिलेगी नौकरी की जानकारी

उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार तकनीक का सहारा ले रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) के ‘Blue DotsAI’ प्लेटफॉर्म का विस्तार प्रदेश के सभी 18 मंडलों में किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं को अपने आसपास उपलब्ध नौकरियों की जानकारी मिलेगी, जबकि कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवारों की तलाश कर सकेंगी।

गुरुवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और एक स्टेप फाउंडेशन के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। मिशन निदेशक पुलकित खरे के निर्देशन में हुए इस समझौते के साथ जून से संचालित पहल को मिशन से औपचारिक रूप से जोड़ दिया गया है।

डिजिटल मैप पर दिखेंगी आसपास की नौकरियां

‘Blue DotsAI’ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां मैप के जरिए नौकरी की रिक्तियों और उम्मीदवारों की जानकारी मिल सकेगी। गाजियाबाद में इसके पायलट प्रोजेक्ट के दौरान 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में 25 हजार से अधिक नौकरियों को डिजिटल मैप पर खोजने योग्य बनाया गया है। अब इसी अनुभव के आधार पर इसे प्रदेश के सभी 18 मंडलों में विस्तार देने की योजना है।

इस प्लेटफॉर्म पर युवा कंपनी का नाम, खाली पदों की संख्या, शुरुआती वेतन, ओवरटाइम और आने-जाने के लिए पिक-अप व ड्रॉप जैसी सुविधाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इससे युवाओं को अपने आसपास नौकरी खोजने और अपनी योग्यता के अनुसार अवसर चुनने में मदद मिलेगी।

एमएसएमई और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र पर फोकस

प्लेटफॉर्म पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), मैन्युफैक्चरिंग और रिटेल क्षेत्र की नौकरियों को प्रमुखता दी जाएगी। इसमें अपैरल, फूड एंड बेवरेज जैसे क्षेत्रों के साथ वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन और मशीन ऑपरेटर जैसे तकनीकी पद भी शामिल होंगे।

इससे स्थानीय कंपनियों को जरूरत के मुताबिक कर्मचारी खोजने और प्रशिक्षित युवाओं को अपने कौशल के अनुरूप नौकरी पाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

एआई वॉइस बॉट से आसान होगी नौकरी की तलाश

‘Blue DotsAI’ की खासियत इसका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित वॉइस बॉट है। इसके जरिए कंपनियां और इंडस्ट्री एसोसिएशन हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषाओं में बोलकर अपनी भर्ती की जरूरत दर्ज करा सकेंगे।

वहीं, एआई वॉइस बॉट उम्मीदवारों से संपर्क कर उनकी प्रोफाइल के अनुसार उपलब्ध नौकरियों की जानकारी दे सकेगा। उम्मीदवार की सहमति से आवेदन प्रक्रिया में भी मदद की जाएगी। इसके अलावा काउंसलिंग, मॉक इंटरव्यू और इंडस्ट्री एसोसिएशन के साथ सीधे संवाद की सुविधा भी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

कौशल प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने की पहल

योगी सरकार का लक्ष्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं और उद्योगों की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल बनाना है। ‘Blue DotsAI’ के विस्तार से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नौकरियों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मिशन निदेशक पुलकित खरे के अनुसार, प्रयास है कि युवाओं को नौकरी की तलाश में अनावश्यक भटकना न पड़े और उन्हें अपने आसपास उपलब्ध रोजगार के अवसरों तक आसानी से पहुंच मिल सके। डिजिटल मैप, एआई वॉइस बॉट और काउंसलिंग जैसी सुविधाओं के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।