Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

IPL 2026: राजस्थान ने बेंगलुरू को 6 विकेट से हराया, सूर्यवंशी और जुरेल ने खेली अर्द्धशतकीय पारी

IPL 2026: आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीर में शुक्रवार का दिन पूरी तरह से वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा था। मैदान पर हर तरफ वैभव नजर आए और गेंदबाज और फील्डर तो बस दर्शक बनकर रह गए। इस वंडरकिड ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्द्धशतक जड़कर आईपीएल 2026 में सबसे तेज पचास रनों के आंकड़े तक पहुंचने के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर
ली। उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 202 रनों का लक्ष्य 12 गेंदें बाकी रहते ही हासिल कर लिया।

15 साल के वैभव ने महज 26 गेंदों पर 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसमें सात छक्के और आठ चौके शामिल रहे। उन्होंने आरसीबी के फील्डरों को गेंद ढूंढने पर मजबूर कर दिया और जोश हेजलवुड के एक ही ओवर में 19 रन ठोक दिए। वैभव के आउट हो जाने के बाद मोर्चा ध्रुव जुरेल ने संभाला और उनके जैसी ही शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 43 गेंदों में 81 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत पक्की कर दी। इस पारी में आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की शुरुआत लड़खड़ाई। उनका टॉप ऑर्डर रन बनाने में नाकाम रहा। फिल सॉल्ट बिना कोई रन बनाए आउट हो गए, जबकि विराट कोहली ने 16 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने अर्द्धशतक जड़कर टीम को संभाला, और रोमारियो शेफर्ड और वेंकटेश अय्यर की छोटी-छोटी मगर अहम पारियों की बदौलत मेहमान टीम स्कोर को 201 रनों तक पहुंचाने में कामयाब रही।

आरआर की तरफ से गेंदबाजों में जोफ्रा आर्चर सबसे सफल रहे, जिन्होंने तीन ओवरों में 33 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं, रवि बिश्नोई ने भी अपने चार ओवरों में 32 रन देकर दो विकेट चटकाए। दूसरी ओर, आरसीबी के लिए हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लेकिन आरआर के लिए लक्ष्य का पीछा करना वैभव सूर्यवंशी और जुरेल की बदौलत बेहद आसान हो गया। सूर्यवंशी चार मैचों में 200 रन बनाकर टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी बन गए, जबकि जुरेल ने भी अहम मौके पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंचा दिया।