Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

एसआरएफटीआई छात्रों का कारण बताओं नोटिस में प्रक्रियागत खामियों का आरोप, प्रशासन का इनकार

कोलकाता, दो नवंबर (भाषा) सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) के छात्रों ने सोमवार को आरोप लगाया कि अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत 14 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी करने में प्रशासनिक अनियमितताएं की गई हैं।

अधिकारियों ने हालांकि छात्रों के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि संस्थान की दीवारों पर ‘‘भड़काऊ और आपत्तिजनक’’ भित्तिचित्र बनाने के मामले में गठित ‘तथ्यान्वेषण समिति’ की रिपोर्ट मिलने के बाद छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

केंद्र सरकार द्वारा संचालित फिल्म संस्थान में छात्रों का आंदोलन कई घटनाओं के सिलसिले का नतीजा है। इन घटनाओं की शुरुआत 27 सितंबर को परिसर में हुई एक झड़प से हुई थी, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े उपभोक्ता जागरूकता समूह ‘अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत’ (एबीजीपी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी।

उक्त घटना के बाद एसआरएफटीआई में शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित कर दी गई, और छात्रों से परिसर खाली करने के लिए कहा गया था।

रजिस्ट्रार दीपक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘‘23 अक्टूबर की रात को मुख्य गेट के पास संस्थान की बाहरी दीवार पर, और उसके तीन दिन बाद प्रशासनिक भवन के गेट पर भड़काऊ व आपत्तिजनक भित्तिचित्र बनाए गए थे और इस संबंध में गठित तथ्यान्वेषण समिति की रिपोर्ट के आधार पर, अब तक प्रदर्शन कर रहे 14 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

कुमार ने कहा कि इस तरह की भित्तिचित्र से एसआरएफटीआई में शांति और व्यवस्था बिगड़ने का अंदेशा था। उन्होंने बताया कि इन नोटिस के ज़रिए संबंधित व्यक्तियों से स्पष्टीकरण मांगा गया था।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि तीन अक्टूबर को परिसर से जाने वाले और उसके बाद वापस न लौटने वाले एक छात्र को 29 अक्टूबर को एक नोटिस भेजा गया। इस नोटिस पर मुख्य लेखा अधिकारी महाश्वेता बनर्जी के हस्ताक्षर थे।

कुमार ने कहा, ‘‘मुख्य लेखा अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी करना और उन पर हस्ताक्षर करना संस्थान की स्थापित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।’’

उन्होंने बताया कि अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में एक छात्र को संस्थान की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बाहरी दीवार पर भड़काऊ संदेश लिखने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह के आरोपों के चलते अन्य छात्रों को भी पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे।

सत्ताइस सितंबर की झड़प के बाद, चार अक्टूबर को ‘बंगिया हिंदू जागरण मंच’ द्वारा मुख्य गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किए जाने से तनाव और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हुई और आरोप है कि उन्होंने परिसर की तरफ पत्थर, ईंटें और बोतलें फेंकीं।

छात्रों ने 12 अक्टूबर कुलपति संतोष अजमेरा के कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। वे जवाबदेही, उचित सुरक्षा और बाहर से आए कथित हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

प्रशासन ने 16 अक्टूबर को नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया और छात्रों से परिसर तथा छात्रावास खाली करने को कहा। हालांकि, विरोध कर रहे छात्रों ने जाने से इनकार कर दिया और अपना धरना जारी रखा।

भाषा धीरज वैभव

वैभव